उत्तराखंड

रणसिंघा बजाकर CM धामी ने किया लोकथात महोत्सव का आगाज, दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि

लालकुआं (नैनीताल): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिंदुखत्ता के संजय नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक वाद्य यंत्र रणसिंघा बजाकर महोत्सव की शुरुआत की और दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने लोकगायक के परिजनों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री करीब पौने तीन बजे बिंदुखत्ता पहुंचे। महोत्सव स्थल पर पहुंचने पर उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया, जबकि छोलिया नृत्य दल ने कुमाऊं की लोकसंस्कृति की झलक पेश की।

दीप प्रज्वलित कर किया महोत्सव का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद उन्होंने दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लोकगायक के परिजनों का भी स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रहलाद सिंह मेहरा के भाई मनोहर मेहरा और उनके पुत्र नीरज मेहरा व कमल मेहरा सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने मुख्यमंत्री को कुमाऊं की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाला रणसिंघा भेंट किया। मुख्यमंत्री ने रणसिंघा बजाकर महोत्सव का औपचारिक आगाज किया।

लोकसंस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक

लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा, छोलिया नृत्य और रणसिंघा जैसे लोकवाद्य के जरिए उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत भी इसी लोकपरंपरा का हिस्सा रहा।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, शंकर कोरंगा और कमलेश चंदोला मौजूद रहे।

इसके अलावा कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित नैनीताल जिले के कई जनप्रतिनिधि, नेता और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button