मेरठ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान जानलेवा हमले के आरोपी दो बदमाश गिरफ्तार
गोलीकांड मामले में आरोपी दाऊद एवं समद वांछित चल रहे थे।
मेरठ। मेरठ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस मुठभेड़ में थाना लिसाड़ीगेट पुलिस एवं स्वाट टीम शामिल रही। थाना लिसाड़ीगेट पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में जानलेवा हमले एवं फायरिंग की घटना में फरार चल रहे दो शातिर अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों के कब्जे से तमंचे एवं कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 नवम्बर 2026 की रात थाना लिसाड़ीगेट क्षेत्रान्तर्गत खुशहाल कॉलोनी में युवक अयान पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की घटना हुई थी। घटना के संबंध में थाना लिसाड़ीगेट पर मुकदमा दर्ज किया गया था। गोलीकांड मामले में आरोपी दाऊद एवं समद वांछित चल रहे थे।
पुलिस मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी का विवरण
पुलिस मुठभेड़ की कार्रवाई थाना लिसाड़ीगेट पुलिस एवं स्वाट टीम नगर द्वारा संयुक्त की गई। थाना लिसाड़ीगेट पुलिस टीम चौकी पिल्लोखड़ी क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति तथा वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लिसाड़ी रोड से नूरनगर पुलिया की ओर जाते समय मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि दो बदमाश खुशहाल कॉलोनी से अंजुम पैलेस की ओर पैदल आ रहे हैं। दोनों क्षेत्र से फरार होने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा अंजुम पैलेस के पास पहुंचकर मुखबिर द्वारा चिन्हित दोनों अभियुक्तों को पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों अभियुक्त भागते हुए पानी की टंकी के पास स्थित खाली खंडहर में घुस गए। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर दोनों अभियुक्त खंडहर की छत पर चढ़ गए तथा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
खंडहर की छत से नीचे छलांग लगाई
पुलिस टीम द्वारा स्वयं को सुरक्षित रखते हुए अभियुक्तों को पकड़ने का प्रयास किया गया। चारों ओर से घिर जाने पर दोनों अभियुक्तों ने खंडहर की छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे पड़े ईंट-पत्थरों एवं ऊबड़-खाबड़ स्थान पर गिरने से दोनों अभियुक्तों के हाथ-पैर में चोटें आईं। पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए दोनों अभियुक्तों दाऊद पुत्र शेर अली एवं समद पुत्र अबरार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।



