
यमुना सिटी में गंभीर बीमारियों के इलाज का बनेगा बड़ा केंद्र, ICMR को मिलेगी 30 एकड़ जमीन
ग्रेटर नोएडा: यमुना सिटी में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ गंभीर और उभरती बीमारियों के इलाज तथा अनुसंधान के लिए राष्ट्रीय स्तर का संस्थान विकसित किया जाएगा। इसके लिए यमुना सिटी के सेक्टर-9 में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी ICMR को 30 एकड़ जमीन देने का रास्ता साफ हो गया है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, यमुना सिटी को देश के प्रमुख चिकित्सा अनुसंधान और रोग निवारण केंद्रों में शामिल करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान के लिए 30 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति बन गई है।
गंभीर और उभरती बीमारियों पर होगा अनुसंधान
प्रस्तावित राष्ट्रीय संस्थान में गंभीर और उभरती बीमारियों की रोकथाम, उनके कारणों पर अनुसंधान और समय रहते बीमारी की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक उपचार तकनीकों के विकास के लिए भी यहां काम होगा।
संस्थान को अत्याधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की योजना है, जिससे गंभीर बीमारियों से जुड़े इलाज और चिकित्सा अनुसंधान को एक ही केंद्र पर बढ़ावा मिल सके।
यमुना सिटी को मेडिकल रिसर्च हब बनाने की तैयारी
यीडा के अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर के इस संस्थान की स्थापना से यमुना सिटी में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे शहर को आधुनिक चिकित्सीय अनुसंधान और रोग निवारण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मदद मिलेगी।



