
कांवड़ यात्रा में दिखी अग्नि-5 मिसाइल की झलक, सैन्य थीम वाली कांवड़ देखने उमड़ी भीड़; सड़कों पर लगा जाम
मेरठ: सावन की कांवड़ यात्रा में इस बार आस्था के साथ रचनात्मकता और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। हरिद्वार से दिल्ली के पालम इलाके की ओर जा रही अग्नि-5 मिसाइल, परमाणु प्रतीक और सैन्य उपकरणों की थीम पर तैयार विशेष कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। कांवड़ जहां से भी गुजरी, उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने कांवड़ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए। कांवड़ियों ने यात्रा मार्ग पर किए गए इंतजामों की भी सराहना की।
भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित है विशेष कांवड़
कांवड़ दल के सदस्य राजवीर ने बताया कि इस बार उनकी टोली ने भारतीय सेना की ताकत और देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के सम्मान में यह विशेष कांवड़ तैयार की है। इसमें अग्नि-5 मिसाइल, परमाणु प्रतीक और सैन्य उपकरणों के मॉडल शामिल किए गए हैं। उनके मुताबिक, यह कांवड़ देश की रक्षा में जुटे सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
राजवीर ने बताया कि उनकी टोली पिछले वर्ष ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर आधारित कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुई थी। इस बार अग्नि-5 को थीम बनाया गया है। कांवड़ को रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजाया गया है, जिससे रात के समय इसका आकर्षण और बढ़ जाता है।
‘हर हर महादेव’ के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे
कांवड़िए शिव भक्ति के साथ देशभक्ति के गीतों पर भी झूमते हुए आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा के दौरान ‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए जा रहे हैं। रोशनी से जगमगाती सैन्य थीम वाली कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में लोग रुकते नजर आए। कई लोगों ने इसके वीडियो बनाए और तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरों में कैद कीं।
51 गोलों की प्रतिकृतियों ने बढ़ाई कांवड़ की भव्यता
ग्रुप के सदस्य दीपांशु के मुताबिक, उनकी टोली दिल्ली के पालम क्षेत्र की रहने वाली है और इसमें करीब 25 से 30 शिवभक्त शामिल हैं। कांवड़ में अग्नि-5 मिसाइल के अलावा 51 गोलों की प्रतिकृतियां और अन्य सैन्य प्रतीकों को भी आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
दीपांशु ने कहा कि देश आज हर क्षेत्र में सक्षम है। युवाओं को भारतीय सेना के गौरव और देश की सैन्य शक्ति से परिचित कराने के उद्देश्य से इस तरह की थीम वाली कांवड़ तैयार की गई है।
जहां से गुजरी कांवड़, देखने उमड़ी भीड़
कांवड़ यात्रा में सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़ी थीम वाली कांवड़ें हर साल लोगों का ध्यान खींचती हैं। भारत माता के चित्र, तिरंगा और सैन्य प्रतीकों से सजी इस कांवड़ ने भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आकर्षित किया। यात्रा मार्ग में कई जगह लोगों ने इसका स्वागत किया।
बड़ी संख्या में लोगों ने कांवड़ को नजदीक से देखा, तस्वीरें खिंचवाईं और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। आस्था और राष्ट्रभक्ति के इस संगम ने सैन्य थीम वाली कांवड़ को इस बार की यात्रा की चर्चित प्रस्तुतियों में शामिल कर दिया।
भारत माता की कांवड़ लेकर पहुंचे अभिषेक
दिल्ली के तिगरी निवासी अभिषेक भी भारत माता की थीम पर तैयार कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए हैं। अभिषेक के मुताबिक, उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और इसी भावना के साथ उन्होंने भारत माता की कांवड़ लाने का फैसला किया।
उनकी डीजे कांवड़ पर भारत माता की प्रतिमा के साथ भारत का नक्शा और दोनों ओर तिरंगे लगाए गए हैं। इस कांवड़ के साथ देशभक्ति के गीत बजाए जा रहे हैं। ‘यह देश है वीर जवानों का’, ‘मेरे देश की मिट्टी सोना उगले’, ‘ऐ वतन-ऐ वतन’ और ‘कर चले हम फिदा’ जैसे गीत यात्रा के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह बढ़ा रहे हैं। भारत माता की यह कांवड़ भी राहगीरों और श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।



