अपराधराज्य

इंस्टाग्राम पर दोस्त बने युवक ने किडनैप कर नाबालिग से किया बलात्कार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पथनमथिट्टाः केरल पुलिस ने दो दिन पहले पथनमथिट्टा जिले से 15 वर्षीय एक किशोरी का अपहरण कर उसके साथ कथित बलात्कार करने के मामले में रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान त्रिशूर जिले के निवासी अतुल (21), अजिल (21) और जयराज के रूप में हुई है। बयान के मुताबिक 23 फरवरी को लापता हुई किशोरी रविवार तड़के चार बजे तिरुवल्ला पुलिस थाने लौट आई।

पुलिस ने कहा, ‘‘किशोरी इंस्टाग्राम के जरिए अतुल से मिली थी। हमें सीसीटीवी फुटेज में दोनों बस में सवार होते दिखे।” उसके मुताबिक, अतुल और अजिल तिरुवल्ला पहुंचे और किशोरी को त्रिशूर ले गए। पुलिस को संदेह है कि वे लड़की को जयराज के घर ले गए थे। अपहरण की खबर फैलने के बाद आरोपी किशोरी को आज सुबह घर छोड़ कर चले गए। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, त्रिशूर में उसका यौन शोषण किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बलात्कार और अपहरण सहित भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में, पोक्सो और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। किशोरी को छोड़कर त्रिशूर वापस जा रहे आरोपी अतुल को सरकारी बस से गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

Back to top button