
रायपुर: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 पुनः परीक्षा को लेकर रायपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूलभूत सुविधाओं से लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं तक का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
11 परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर जांचीं तैयारियां
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेरीखेड़ी, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उपरवारा, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फॉरेस्ट कॉलोनी, शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक शाला माना कैंप, मिंटू शर्मा स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल डुमरतराई, माधवराव सप्रे उच्चतर माध्यमिक शाला बुढ़ापारा, जे.आर. दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालीबाड़ी, संत कंवरराम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला कटोरा तालाब, शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ कॉलेज बैरन बाजार तथा प्रो. जे.एन. पांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नलघर चौक सहित कुल 11 केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान परीक्षा केंद्रों में उपलब्ध पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
बारिश को देखते हुए दिए विशेष निर्देश
संभावित मानसूनी बारिश को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग खुले स्थान की बजाय शेड या छायादार क्षेत्र में की जाए, ताकि मौसम की वजह से छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती बढ़ाने के निर्देश
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने को कहा गया, ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी तरह की बाधा न आए।
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर में बनाए गए 25 परीक्षा केंद्र
NEET UG 2026 री-एग्जाम के लिए रायपुर जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी उमेश कुमार गुप्ता, डीसीपी संदीप कुमार पटेल, एसडीएम नंदकुमार चौबे, एसडीएम अभनपुर रवि सिंह, एडीसीपी राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किंडों समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



