दिल्लीराज्य

57 साल बाद दिल्ली में हुई इतनी मानसूनी बारिश, टूट सकता है 1964 का रिकॉर्ड

राजधानी दिल्ली में 57 सालों बाद इतनी ज्यादा मानसूनी बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 1160.8 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई है। इससे पहले वर्ष 1964 में 1190.9 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई थी। इसके बाद से सबसे ज्यादा पानी इस बार के मानसून में बरसा है।

दिल्ली में देर से आए मानसून ने इस बार पुराने कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। दिल्ली में आमतौर पर मानसूनी सीजन में 653.6 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन, इस बार यह आंकड़ा सामान्य से दोगुने की तरफ बढ़ रहा है। खासतौर पर सितंबर के महीने में बादल जमकर बरस रहे हैं। अभी तक सितंबर में 400 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार के दिन भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बरसात हो सकती है।

राजधानी में इस बार का मानसून अब तक के इतिहास में तीसरा सबसे ज्यादा बरसने वाला मानसून है। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक इस मानसूनी सीजन में 1170.7 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है। किसी मानसूनी सीजन में अब तक सिर्फ दो बार ही इससे ज्यादा पानी बरसा है।

एक जून से सितंबर तक चलने वाले मानसूनी सीजन में सबसे ज्यादा पानी बरसने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड 1933 का है जब कुल 1420.3 मिलीमीटर पानी बरसा था। जबकि, वर्ष 1964 में 1190.9 मिलीमीटर मानसूनी बारिश हुई थी। इस बार मानसूनी सीजन में अभी वक्त है और आगे बारिश की उम्मीद बनी हुई है, इसलिए इस बात के आसार हैं कि 1964 का रिकॉर्ड इस बार टूट जाएगा।

Related Articles

Back to top button