राजनीतिराज्य

अजय राय ने कहा-‘सोनिया गांधी रायबरेली तो राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे चुनाव’

रायबरेली : अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारियां शुरू हो गई है। देश के सबसे बड़े राज्‍य उत्‍तरप्रदेश से केंद्र राजनीति भी निर्धारित होती है। यही वजह है कि यहां सभी की निगाह लगी रहती है। कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के एक बयान से अमेठी के पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हो गए है। अमेठी से 2024 में उन्होंने राहुल गांधी के चुनाव लड़ने की अपनी पुरानी बात अध्यक्ष के रूप में मजबूती से दोहराई है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय रायबरेली पहुंचे। अजय राय ने यहां नगर पालिका की ओर से आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शिरकत की. इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी के साथ-साथ राहुल गांधी के चुनाव लड़ने पर मोहर लगाई। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी रायबरेली से तो अमेठी से राहुल गांधी चुनाव लड़ेंगे।

इसके अलावा अजय राय ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को भोलेनाथ की नगरी काशी से चुनाव लड़ाने की बात चल रही है। इस दौरान लखनऊ में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर पर हुई एक युवक की हत्या को लेकर भी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के मंत्री के यहां जुआ खिलवाया जा रहा है, हत्या में उनका लड़का फंस रहा है। इसके बावजूद उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं राय ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी टेनी को बचा रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव पर बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस का विजय पताका फहराने और सरकार बनने का दावा किया। साथ ही भारत और इंडिया के सवाल पर भी उन्होंने बयान दिया। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारत , इंडिया और हिंदुस्तान सभी हमारे लिए पूज्य हैं।

घोसी विधानसभा के उपचुनाव को लेकर राय ने कहा कि इंडिया गठबंधन भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। यही नहीं तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को लेकर दिए गए विवादित बयान के सवाल पर उन्होंने कहा कि यूपी सरकार के मंत्री सतीश शर्मा शिवालय में शिवलिंग के अर्घ्य से सटाकर ही हाथ धो रहे हैं। ये सीधे-सीधे सनातन धर्म का अपमान है।

Related Articles

Back to top button