झारखंड में आफत की बारिश का अलर्ट, 3 जिलों में रेड अलर्ट; यूपी में भी कई जगह भारी बारिश

रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के तीन जिलों में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं पलामू, लातेहार और गढ़वा के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में बना दबाव बढ़ा
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बना निम्न दबाव अब अति गहरे दबाव में बदल गया है और इसकी स्थिति कोलकाता के आसपास बताई गई है। अनुमान है कि अगले 24 घंटे में यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड से होकर गुजरेगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के विस्तार के कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
संताल परगना और आसपास के जिलों को छोड़कर झारखंड के बाकी हिस्सों में भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।
झारखंड में सामान्य से 18 फीसदी कम बारिश
राज्य में एक जून से अब तक 558 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य 678.3 मिलीमीटर के मुकाबले 18 फीसदी कम है। वहीं राजधानी रांची में अब तक 667.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब चार फीसदी कम है।
यूपी में भी सक्रिय रहेगा मानसून
उत्तर प्रदेश में भी मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूरे सप्ताह राज्य में मानसून की सक्रिय स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसका असर अधिक रहने की आशंका है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। सोनभद्र के चुर्क में 147.2 मिलीमीटर, बरेली के बहेरी में 141 मिलीमीटर और प्रयागराज के कोरांव में 126 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा रॉबर्ट्सगंज में 95 मिलीमीटर, रायबरेली में 88.4 मिलीमीटर, लखीमपुर खीरी के मोहम्मदाबाद में 84 मिलीमीटर, प्रयागराज के मेजा में 75 मिलीमीटर, अयोध्या में 75 मिलीमीटर, प्रयागराज में 73.4 मिलीमीटर और उन्नाव के हसनगंज में 72 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
यूपी में बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 17 अगस्त तक इस मानसून सीजन में कुल 398.6 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 496.3 मिलीमीटर है। इस तरह राज्य में अब तक करीब 20 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की कमी आठ फीसदी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 फीसदी रही है।



