अमूल और मदर डेयरी ने बढाई दूध की दरें, जाने गाजियाबाद में दूध की कीमत
अमूल और मदर डेयरी के बढ़े दाम आज से होंगे प्रभावी।
गाजियाबाद। आज गुरुवार को लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। गाजियाबाद एनसीआर में सर्वाधिक बिकने वाला अमूल और मदर डेरी दूध की कीमतें बढ़ गई हैं। आनंद मिल्क यूनियन लिमिटेड (अमूल) ने अपने अमूल दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। दूध की ये बढ़ी दरें पूरे देश में 14 मई 2026 से लागू की जाएगी।
प्रति लीटर दो रुपये की वृद्धि
अमूल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अमूल दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ोतरी अमूल ब्रांड के अमूल ताजा, अमूल गोल्ड, अमूल शक्ति, अमूल टी स्पेशल और अन्य प्रमुख ब्रांडों पर की गई है।
मदर डेरी ने भी बढ़ाए दो रुपये
दिल्ली की मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। अमूल ने बताया कि मई 2025 के बाद पहली बार दूध की कीमतों में वृद्धि की गई है। अमूल कंपनी के अनुसार, दूध की कीमत में ये बढ़ोतरी औसतन 2.5 से 3.5 प्रतिशत है। ये सामान्य खाद्य महंगाई दर से काफी कम है।
लगातार बढ़ रही दूध उत्पादन की लागत
बता दें दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है। पशु आहार, दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में पिछले एक साल के दौरान काफी वृद्धि हुई है। इसी वजह से दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया। अमूल ने अपने बयान में कहा कि दूध की बिक्री से मिलने वाली धनराशि का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे दूध उत्पादकों और किसानों को जाता है। पिछले एक साल में सदस्य संघों ने किसानों को दिए जाने वाले दूध के दाम में लगभग 30 रुपए प्रति किलो फैट यानी करीब 3.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। दूध कंपनी अमूल का कहना है कि दूध की कीमतों में की गई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उन्हें दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
ये हैं अमूल दूध की प्रमुख पैक कीमत
अमूल दूध के प्रमुख पैक की नई एमआरपी इस प्रकार तय की गई हैं। अब आज से अमूल ताजा 500 मिली पैक अब 28 रुपए की जगह 29 रुपए में मिलेगा, जबकि 1 लीटर पैक 55 रुपए से 57 रुपए होगा। अमूल गाय दूध 500 मिली पैक कीमत 29 रुपए से बढ़कर 30 रुपए कर दी है। अमूल शक्ति 500 मिली पैक 31 रुपए की जगह 32 में मिलेगा। अमूल टी स्पेशल 1 लीटर पैक की कीमत 63 रुपए से 66 रुपए कर दी गई है। अमूल गोल्ड 500 मिली पैक 34 रुपए की जगह 35 रुपए में मिलेगा। अमूल भैंस दूध 500 मिली पैक की कीमत 37 रुपए से बढ़ाकर 39 रुपए कर दी गई है।



