देहरादून: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन की खबर से उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड में भी शोक का माहौल है। उनकी पत्नी और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव का उत्तराखंड से गहरा संबंध रहा है, जिसके चलते यहां भी लोगों में दुख देखा जा रहा है।
उत्तरकाशी के सैंणी गांव से जुड़ा है अपर्णा यादव का परिवार
अपर्णा यादव का मायका उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक स्थित सैंणी गांव में है। उनका जन्म वर्ष 1990 में लखनऊ में हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट उत्तर प्रदेश में राज्य सूचना आयुक्त के पद पर रह चुके हैं, जबकि उनकी मां अंबी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी के तौर पर सेवाएं दे चुकी हैं।
राजनीतिक पहचान के चलते चर्चा में रहीं अपर्णा यादव
अपर्णा यादव लंबे समय से राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। मुलायम सिंह यादव परिवार की बहू होने के साथ-साथ उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पहचान भी बनाई। समाजवादी पार्टी से राजनीति की शुरुआत करने के बाद उन्होंने बाद में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
सैंणी गांव में पसरा मातम
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही उत्तरकाशी के सैंणी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि परिवार से जुड़े होने के कारण गांव के लोगों का भावनात्मक जुड़ाव भी रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक प्रतीक यादव के अचानक निधन ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
लंबी दोस्ती के बाद हुई थी शादी
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय तक दोस्ती रही, जिसके बाद परिवार की सहमति से विवाह संपन्न हुआ। शादी उस समय काफी चर्चाओं में रही थी।
2017 में लड़ा था विधानसभा चुनाव
अपर्णा यादव ने वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें भाजपा उम्मीदवार डॉ. रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली। बाद में उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया।




