उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिलखनऊ

राज्यपाल और सीएम योगी से मिले सेना प्रमुख नरवणे

नेपाल के साथ सीमा विवाद को लेकर मुख्यमंत्री से की बातचीत

लखनऊ, 7 अगस्त, दस्तक टाइम्स (ब्यूरो) :  शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे भारतीय थलसेना के अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की। सेना प्रमुख ने नेपाल के साथ सीमा विवाद को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत की। इसके अलावा नरवणे ने भारतीय सेना के केंद्रीय कमांड के मुख्यालय का दौरा किया।

आपको बता दें कि भारत और चीन की सीमा पर हालात अच्छे नहीं हैं। बीते दिनों दोनों देशों की सेनाओं के बीच हिंसक झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। बताया जा रहा है कि बॉर्डर पर तनाव के मद्देनजर थल सेना के प्रमुख नरवणे सेना के विभिन्न कमांडों में तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में वह बीते दिनों असम के तेजपुर में थे। इसके बाद नरवणे शुक्रवार सुबह लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।

क्यों अहम है नरवणे-योगी की मुलाकात

सीएम से मिलने के लिए नरवणे मुख्यमंत्री आवास गए थे। वह मुख्यतः सेना के केंद्रीय कमांड के मुख्यालय का दौरा करने के लिए लखनऊ आए हैं। बताया गया कि कुछ दिन पहले चीन ने उत्तराखंड से लगी भारतीय सीमा के पास अपनी सेना बढ़ा दी थी। माना जा रहा है कि इसी मद्देनजर सेना प्रमुख ने केंद्रीय कमांड के मुख्यालय का दौरा किया है। उत्तराखंड की सीमा का इलाका केंद्रीय कमांड के अंतर्गत ही आता है। इसके अलावा नेपाल के साथ भी भारत के ताजा सीमा विवाद को लेकर भी सेना प्रमुख का लखनऊ दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुलाकात के दौरान सेना प्रमुख ने योगी आदित्यनाथ से लिपुलेख और कालापानी को लेकर बातचीत की। पड़ोसी देशों के साथ जमीन के विवाद और उस पार से सैन्य गतिविधियों के तेज होने के बाद भारतीय सेना भी किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर रही है। सेना प्रमुख लगातार सेना के विभिन्न कमांड्स का दौरा कर खुद तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

Back to top button