उत्तराखंड

90 साल की नानी से दरिंदगी के बाद हत्या की कोशिश, 23 वर्षीय नाती गिरफ्तार; इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत

मंगलौर: हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में 90 वर्षीय मूक-बधिर और असहाय बुजुर्ग महिला के साथ उसके 23 वर्षीय नाती द्वारा कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने महिला का गला दबाकर उसकी जान लेने की कोशिश की। घटना के करीब 26 दिन बाद सोमवार देर शाम उपचार के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

घटना 16 जुलाई की रात की बताई गई है। आरोप के मुताबिक, आरोपी शराब के नशे में रात करीब 12 बजे अपनी नानी के घर पहुंचा था। परिवार के अन्य सदस्यों के सोने के दौरान वह बुजुर्ग महिला के कमरे में घुस गया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

विरोध करने पर गला दबाने का आरोप
बताया गया कि विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश करने पर आरोपी ने बुजुर्ग महिला का गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। रात करीब एक बजे महिला की नातिन ने आरोपी को नानी के कमरे से बाहर निकलते देखा। कमरे में जाने पर बुजुर्ग महिला गंभीर हालत में मिली।

इसके बाद शोर सुनकर परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बताया गया कि आरोपी वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। परिजनों ने गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।

आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल
घटना के बाद महिला के पोते की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नाती के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार देर शाम उपचार के दौरान महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई।

कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह महर ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला भी सामने आया
मंगलौर में एक अन्य घटना में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

कस्बा निवासी महिला की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक वह करीब छह माह की गर्भवती थी। मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

विवाहिता के पति पर किशोरी से दुष्कर्म का आरोप
इस मामले से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में विवाहिता के पति पर देवबंद निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 15 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगाया था। शिकायत के अनुसार, किशोरी अपने मौसा आसिफ के घर रहने आई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बाद में किशोरी के गर्भवती होने की बात सामने आई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत से स्थगन आदेश लिया था। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button