स्पोर्ट्स

भारत में पहली बार होगा बिग बैश लीग का मुकाबला! PM मोदी कर सकते हैं बड़ा ऐलान, BCCI-क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में बनी सहमति

नई दिल्ली: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (बीबीएल) के मुकाबले आयोजित होने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इस ऐतिहासिक पहल का आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच इस संबंध में सहमति बन चुकी है।

भारत में खेला जाएगा बिग बैश लीग का पहला मैच

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच अंतिम समझौते के बाद मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी20 लीग का कोई आधिकारिक मुकाबला भारत की धरती पर खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हो सकती है घोषणा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे। इसी दौरान भारत में बिग बैश लीग के मुकाबले आयोजित कराने की आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया कई महीनों से इस योजना पर काम कर रहा था। फरवरी में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ अधिकारी फिल रिग्बी और मार्गोट हार्ले भारत आए थे और उन्होंने चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम का निरीक्षण भी किया था। भारत में क्रिकेट की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बीसीसीआई इस पहल को लेकर उत्साहित बताए जा रहे हैं।

पर्थ स्कॉर्चर्स ने जीता था पिछला खिताब

बिग बैश लीग 2025-26 के फाइनल में सिडनी सिक्सर्स और पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने थे। खिताबी मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 132 रन बनाए थे।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पर्थ स्कॉर्चर्स ने 17.3 ओवर में चार विकेट खोकर 133 रन बनाते हुए छह विकेट से जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। टीम की ओर से मार्श ने 43 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि फिन एलन ने 22 गेंदों पर 36 रन की अहम पारी खेली।

Related Articles

Back to top button