पटना में गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा, 3 लोगों की मौत; 4 अब भी लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पटना: बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में गुरुवार सुबह गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हो गया। उमानाथ गंगा घाट के पास नाव पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक नाव पर कुल 14 लोग सवार थे। सभी लोग बिंद टोली इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा क्षेत्र में खेती और परवल तोड़ने के काम से गए थे।
तेज हवा के चलते पलटी नाव
बताया जा रहा है कि काम खत्म करने के बाद सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी में अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे नाव असंतुलित होकर पलट गई। हादसा होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उनकी मदद से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तीन शव बरामद, चार की तलाश जारी
प्रशासन के अनुसार अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चार अन्य लोगों की तलाश जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
एसडीएम गरिमा लोहिया, एसडीपीओ और स्थानीय थाना प्रभारी ब्रजकिशोर सिंह समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
SDRF और आपदा प्रबंधन टीम जुटी
हादसे के बाद SDRF और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि पटना और समस्तीपुर प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।
नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन का कहना है कि सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है।
इलाके में पसरा मातम
घटना के बाद बिंद टोली और आसपास के इलाकों में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग प्रशासन से नदी क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम और नाव संचालन को लेकर सख्त निगरानी की मांग कर रहे हैं।
गंगा नदी में लगातार बढ़ते हादसों को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और नाव संचालन के नियमों पर सवाल खड़े हो गए हैं।



