एप्पल में बड़ा बदलाव, टिम कुक ने सीईओ पद से हटने का किया ऐलान, जॉन टर्नस होंगे नए चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर, 1 सितंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल एप्पल में नेतृत्व स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के मौजूदा सीईओ टिम कुक ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। उनकी जगह अब जॉन टर्नस को एप्पल का नया चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया गया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि यह बदलाव 1 सितंबर से प्रभावी होगा।
1 सितंबर से जॉन टर्नस संभालेंगे एप्पल की कमान
जानकारी के अनुसार, जॉन टर्नस वर्तमान में एप्पल की हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम के प्रमुख हैं। वे 1 सितंबर से कंपनी के नए सीईओ के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं टिम कुक इस बदलाव के बाद एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे और कंपनी से जुड़े रहेंगे।
15 साल तक एप्पल के CEO रहे टिम कुक
टिम कुक ने साल 2011 में एप्पल की कमान संभाली थी, जब कंपनी के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स ने पद छोड़ा था। पिछले 15 वर्षों में उनके नेतृत्व में एप्पल ने ऐतिहासिक विकास दर्ज किया और कंपनी का बाजार मूल्यांकन 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जिससे एप्पल दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शामिल हो गई।
एप्पल में टिम कुक का लंबा सफर
टिम कुक 1998 में एप्पल से जुड़े थे, जब उन्हें वर्ल्डवाइड ऑपरेशंस का सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया था। बाद में 2005 से 2011 तक उन्होंने चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने एप्पल की सप्लाई चेन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई और iPhone, iPad, MacBook और iPod जैसे प्रोडक्ट्स के उत्पादन और वितरण सिस्टम को बेहतर बनाया।
भारत और चीन पर रणनीतिक बदलाव पर फोकस
सीईओ रहते हुए टिम कुक ने कई रणनीतिक फैसले लिए, जिनमें चीन पर मैन्युफैक्चरिंग निर्भरता को कम करना और भारत में उत्पादन को बढ़ावा देना प्रमुख रहा। इसका असर हाल के वर्षों में एप्पल की ग्लोबल सप्लाई चेन में साफ देखा गया है।
एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में रहेंगे कुक
नए बदलाव के तहत टिम कुक कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे और एप्पल की वैश्विक रणनीति, विस्तार और पॉलिसी मेकिंग में अहम योगदान देते रहेंगे। वहीं जॉन टर्नस अब कंपनी की भविष्य की तकनीकी दिशा और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।



