उत्तराखंड

सीएम धामी का बड़ा फैसला, ‘गणतंत्र दिवस’ पर मनेगी ‘दीपावली’, जानें कैसे?

देहरादून (गौरव ममगाईं)। अयोध्या में जन्म स्थान पर श्रीराम लला के स्थापित होने को लेकर देवभूमि रामभक्ति में डूबी हुई है। वहीं, इस बार उत्तराखंड में गणतंत्र दिवस भी ऐतिहासिक रहने वाला है, क्योंकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणतंत्र दिवस को दीपोत्सव के रूप में मनाने का बड़ा फैसला लिया है। देहरादून में गणतंत्र दिवस पर होने वाले राज्यस्तरीय राजकीय कार्यक्रम की थीम राम मंदिर पर रखी गई है, जिसमें दीपोत्सव आकर्षण का केंद्र रहेगा। खास बात ये है कि दीपोत्सव में 1 लाख 25 हजार दीप जलाए जाएंगे। यूं कहना गलत न होगा कि अयोध्या जश्न के बाद आ रहे इस पहले गणतंत्र दिवस पर देवभूमि में दीपावली मनेगी। वहीं, देशभक्ति के साथ रामभक्ति का भी अद्भुत मिश्रण देखने को मिलेगा।

 वहीं, सीएम धामी के निर्देश पर देहरादून जिला प्रशासन भी कार्यक्रम को सफल व ऐतिहासिक बनाने में जुटा है। परेड ग्राउंड में बड़ा पांडाल लगाया है, जिस पर बड़ी एलईडी भी लगाई गई है। इसमें भगवान श्रीराम की झलकियां दिखाई दे रही हैं। वहीं, मैदान में ‘जय श्री राम’ की आकृति में दीपों को सजाया जा रहा है। इन दीपकों की संख्या 1 लाख 25 हजार बताई गई है। दीपोत्सव में इन दीपों को एकसाथ जलाया जाएगा और जगमग होते ये दीप मन को रोमांचित करते प्रतीत होंगे।

डीएम देहरादून सोनिका व एसडीएम प्रत्यूष कुमार कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुबह-शाम तैयारी व सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी व समीक्षा कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button