
योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला! यूपी के सभी 75 जिलों में लागू होगी मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में 29 में से 27 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। बैठक में किसानों, पशुपालकों, श्रमिकों, खिलाड़ियों और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।
75 जिलों में लागू होगी पशुधन बीमा योजना
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना को मंजूरी दे दी है। पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि यह योजना प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू होगी। इसके तहत लघु एवं सीमांत किसान, पशुपालक और डेयरी फार्म संचालकों के पशुओं का महामारी, अपंगता या मृत्यु की स्थिति में बीमा कराया जाएगा। योजना में 85 प्रतिशत प्रीमियम का वहन राज्य सरकार करेगी, जबकि 15 प्रतिशत राशि लाभार्थी को देनी होगी।
स्टार्टअप मिशन और नई नीतियों को मिली मंजूरी
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 और उत्तर प्रदेश डेटा सेंटर नीति-2026 को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे प्रदेश में निवेश और तकनीकी क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
वाराणसी में बनेगा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज
श्रम एवं सेवायोजन विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए 13 एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा गोरखपुर और मुरादाबाद में 100-100 बेड वाले अस्पतालों के निर्माण के लिए पांच-पांच एकड़ भूमि भारत सरकार को आवंटित की जाएगी। मेडिकल कॉलेज में 50 प्रतिशत एमबीबीएस सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।
पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी सीधी नियुक्ति
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों की सीधी भर्ती को मंजूरी दी गई है। लोक सेवा आयोग की प्रक्रिया से अलग क्रीड़ाधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी और उप क्रीड़ाधिकारी के विभिन्न पदों पर खिलाड़ियों की नियुक्ति की जाएगी।
तीन नए विश्वविद्यालयों की स्थापना को हरी झंडी
उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि तीन संस्थाओं को विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए स्वीकृति दी गई है। इसके तहत दिल्ली का स्वामी ब्रह्मानंद चैरिटेबल ट्रस्ट, गाजियाबाद की इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग सोसायटी तथा फतेहपुर का एंग्लो संस्कृत कॉलेज अपने-अपने विश्वविद्यालय स्थापित करेंगे।
जलालाबाद का नाम बदलेगा, कर्मचारियों और होमगार्डों को भी राहत
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि शाहजहांपुर की नगरपालिका परिषद जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा राज्य कर्मचारियों के वर्दी धुलाई और वर्दी भत्ते से जुड़े प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगमों के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने तथा होमगार्डों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
रायबरेली में बनेगा उद्यान महाविद्यालय
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि रायबरेली के ग्राम पडेरा में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के माध्यम से उद्यान महाविद्यालय और अनुसंधान केंद्र की स्थापना होगी। इसके लिए कृषि विभाग की 20 हेक्टेयर भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।



