
योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला! शाहजहांपुर के जलालाबाद का बदला नाम, अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से होगी नई पहचान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार को एक अहम फैसला लेते हुए शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद का नाम बदलने को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट के निर्णय के बाद अब जलालाबाद की नई पहचान “परशुरामपुरी” के नाम से होगी। सरकार का कहना है कि यह स्थान भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है और लंबे समय से इसका नाम उनके नाम पर रखने की मांग की जा रही थी।
कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
योगी सरकार की कैबिनेट ने शाहजहांपुर की नगर पालिका परिषद जलालाबाद क्षेत्र के कस्बे का नाम बदलकर “परशुरामपुरी” करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही अब आधिकारिक स्तर पर जलालाबाद की जगह परशुरामपुरी नाम का इस्तेमाल किया जाएगा।
लंबे समय से उठ रही थी नाम बदलने की मांग
सरकार के अनुसार जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों की ओर से लंबे समय से मांग की जा रही थी कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध इस नगर का नाम उनके नाम पर रखा जाए। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा दी।
प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी
सरकार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि शाहजहांपुर जिले की नगर पालिका परिषद जलालाबाद क्षेत्र का कस्बा भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। पौराणिक कथाओं और ग्रंथों में भी इस स्थान का प्रमुखता से उल्लेख मिलता है।
विज्ञप्ति के अनुसार, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मांग के मद्देनजर नगर जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी किए जाने के प्रस्ताव पर 19 अगस्त 2025 को अनापत्ति प्रदान की गई थी। अब इस प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी देते हुए नगर का नाम परिवर्तित कर “परशुरामपुरी” कर दिया गया है।
नई पहचान के साथ जाना जाएगा नगर
कैबिनेट के इस फैसले के बाद शाहजहांपुर का जलालाबाद अब आधिकारिक रूप से “परशुरामपुरी” के नाम से जाना जाएगा। सरकार का मानना है कि यह निर्णय क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान के अनुरूप है।



