बिहारराज्य

बिहार के 2.57 लाख युवाओं को हर साल रोजगार की ट्रेनिंग, 6436 केंद्रों से कौशल विकास का बड़ा प्लान

पटना: बिहार सरकार ने युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कुशल युवा कार्यक्रम को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का फैसला किया है। इसके तहत हर साल 2.57 लाख युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 11 प्रस्तावों पर मुहर लगी। मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी।

2030-31 तक जारी रहेगा कुशल युवा कार्यक्रम

कैबिनेट विभाग के सचिव मो. सोहैल ने बताया कि सात निश्चय-3 के तहत ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’ के लक्ष्य के साथ कौशल विकास मिशन के कुशल युवा कार्यक्रम को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक बढ़ाया गया है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 430 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

सरकार का उद्देश्य युवाओं को बदलती तकनीक और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित करना है, ताकि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।

6436 प्रशिक्षण केंद्रों पर मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

कार्यक्रम के तहत राज्यभर में 6436 प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से हर साल करीब 2.57 लाख युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने की योजना है। सरकार के मुताबिक, इन प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन से प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

युवाओं को सौर ऊर्जा, ड्रोन तकनीक, नेटवर्किंग, होम नर्सिंग, बहु-कौशल प्रयोगशाला तकनीशियन, आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन, सौंदर्य एवं स्वास्थ्य देखभाल, वेब सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, टैली, भाषा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एलएन मिश्रा संस्थान में 1400 सीटें बढ़ाने का फैसला

पटना स्थित ललित नारायण मिश्रा आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान में भी विद्यार्थियों के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संस्थान की मौजूदा 1600 सीटों को बढ़ाकर 3000 करने की घोषणा की है। यानी संस्थान में 1400 नई सीटें जोड़ी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को संस्थान में छात्रों के इंडक्शन और ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘आगाज 2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘गंगा टू ग्लोबल’ अवधारणा के तहत हर सत्र में करीब 100 विद्यार्थियों को एक महीने के लिए विदेश भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विदेश के बेहतर संस्थानों से सीखने और अनुभव हासिल करने का अवसर देना है।

पाटलिपुत्र टाउनशिप में बनेगा संस्थान का सेटेलाइट कैंपस

पटना में विकसित किए जाने वाले नए पाटलिपुत्र टाउनशिप में ललित नारायण मिश्रा संस्थान को सेटेलाइट कैंपस के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। संस्थान में विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उत्कृष्टता केंद्र और शहरी नीति एवं शासन केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।

211 डिग्री कॉलेजों में शुरू हुई पढ़ाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं। 15 जुलाई को जिन 211 डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गई थी, वहां 10 अगस्त से शिक्षकों के योगदान के साथ पढ़ाई शुरू हो चुकी है।

इसके अलावा राज्य में 551 मॉडल स्कूलों की भी शुरुआत की गई है। सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसके तहत 15 अगस्त से रात 11 बजे के बाद भी विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे और शिक्षकों से अपने सवाल पूछ सकेंगे।

Related Articles

Back to top button