राष्ट्रीय

तमिलनाडु में किसानों को बड़ी राहत: सहकारी बैंकों के फसल ऋण माफ करने का ऐलान

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए सहकारी बैंकों से लिए गए फसल ऋण की माफी की घोषणा की है। इस फैसले से राज्य के लाखों किसानों को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

सरकार के अनुसार, 1 मई 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच सहकारी बैंकों से 75 हजार रुपये तक का फसल ऋण लेने वाले किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाएगा। वहीं, जिन किसानों पर 75 हजार रुपये से अधिक का ऋण बकाया है, उन्हें 35 हजार रुपये तक की राहत दी जाएगी।

इस योजना का लाभ करीब 14.43 लाख किसानों को मिलने का अनुमान है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों पर कर्ज का बोझ कम होगा और उन्हें कृषि कार्यों के लिए नई आर्थिक मजबूती मिलेगी।

कर्जमाफी योजना के चलते राज्य सरकार पर लगभग 6 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। सरकार ने आश्वासन दिया है कि माफ की गई ऋण राशि का भुगतान 45 से 60 दिनों के भीतर संबंधित बैंकों को कर दिया जाएगा।

खाली शराब की बोतल लौटाने पर मिलेंगे 10 रुपये

इस बीच, चेन्नई में पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। शहर के एग्मोर क्षेत्र में एक स्वचालित बोतल संग्रहण मशीन लगाई गई है, जिसमें खाली शराब की बोतल जमा करने पर 10 रुपये दिए जा रहे हैं।

मशीन में बोतल डालते ही उसमें लगे कैमरे बोतल के आकार, गुणवत्ता और स्थिति की जांच करते हैं। यदि बोतल सही पाई जाती है तो मशीन तुरंत 10 रुपये का भुगतान कर देती है। इस पहल का उद्देश्य बोतलों के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा कम करना है।

Related Articles

Back to top button