
नई दिल्ली: NEET पेपर लीक विवाद के बीच छात्रों को बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने साफ किया है कि NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी, जबकि सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा प्रक्रिया में इस बार छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा ताकि किसी भी अभ्यर्थी को समय की कमी का सामना न करना पड़े।
पेपर लीक पर सरकार का सख्त रुख, CBI जांच जारी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच की जिम्मेदारी CBI को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी दोषी को बख्शने के मूड में नहीं है और दोषियों को “पाताल से भी ढूंढ निकालने” की कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
3 से 4 दिन की समीक्षा के बाद लिया गया फैसला
धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि शिकायतें सामने आने के बाद 3 से 4 दिन तक मामले की समीक्षा की गई, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि परीक्षा दोबारा कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल यही है कि किसी भी ईमानदार छात्र के साथ अन्याय न हो। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों और परीक्षा माफियाओं पर सख्त कार्रवाई होगी।
छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त समय और सुविधा
एनटीए की ओर से जानकारी दी गई है कि परीक्षा में इस बार अभ्यर्थियों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। साथ ही छात्रों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए एक सप्ताह का समय निर्धारित किया गया है। परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
फीस नहीं लगेगी, यात्रा में भी मिलेगी मदद
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुनर्परीक्षा के लिए किसी भी छात्र से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही एनटीए ने कहा है कि छात्रों के लिए आवागमन की व्यवस्था को लेकर राज्य सरकारों से बातचीत की जाएगी ताकि परीक्षा के दिन किसी को परेशानी न हो।
अफवाहों से बचने की अपील
अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और केवल एनटीए की आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें।
ऑनलाइन परीक्षा की दिशा में बड़ा बदलाव
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने संकेत दिया कि आने वाले समय में NEET परीक्षा को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित (ऑनलाइन) किया जाएगा ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।



