उत्तर प्रदेशराज्य

गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी राहत, यूपी-बिहार से गुजरात के लिए कई समर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी; जानिए पूरा रूट और टाइमिंग

गर्मी की छुट्टियों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने उधना, सूरत, जयनगर, मधुबनी और झंझारपुर के बीच कई समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है।

इन स्पेशल ट्रेनों के जरिए यूपी और बिहार के यात्रियों को गुजरात आने-जाने में सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि ट्रेनें लखनऊ, कानपुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। वहीं बिहार के रक्सौल, सीतामढ़ी, नरकटियागंज, मधुबनी और जयनगर के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा।

रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों में अनारक्षित और स्लीपर कोच उपलब्ध रहेंगे, जिससे यात्रियों को भीड़ के बीच अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।

16 मई से चलेगी उधना-जयनगर स्पेशल ट्रेन

ट्रेन संख्या 09041 उधना-जयनगर ग्रीष्मकालीन अनारक्षित विशेष गाड़ी 16 मई से चलाई जाएगी। यह ट्रेन शनिवार रात 11:30 बजे उधना से रवाना होगी।

यह ट्रेन सायण, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, ईदगाह आगरा, कानपुर सेंट्रल, मानक नगर और लखनऊ होते हुए आगे बढ़ेगी। लखनऊ जंक्शन पर इसका समय रात 9:52 बजे रहेगा। इसके बाद ट्रेन बस्ती, गोरखपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी, सकरी और मधुबनी होते हुए तीसरे दिन दोपहर 1:30 बजे जयनगर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09042 जयनगर-उधना स्पेशल 11 और 18 मई को दोपहर 3 बजे जयनगर से चलेगी। यह ट्रेन लखनऊ होते हुए तीसरे दिन सुबह 7:24 बजे सूरत पहुंचेगी।

उधना-मधुबनी स्पेशल ट्रेन भी शुरू

रेलवे ने उधना और मधुबनी के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 09045 उधना-मधुबनी अनारक्षित स्पेशल 10 और 17 मई को रात 1:30 बजे उधना से रवाना होगी।

यह ट्रेन भरुच, वडोदरा, रतलाम, कोटा, आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, मानक नगर और लखनऊ से होकर गुजरेगी। लखनऊ में इसका समय रात 11:52 बजे रहेगा। इसके बाद यह गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी और सकरी होते हुए अगले दिन शाम 4 बजे मधुबनी पहुंचेगी।

वापसी में 09046 मधुबनी-उधना स्पेशल 11 और 18 मई को शाम 6 बजे मधुबनी से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 11:09 बजे सूरत पहुंचेगी।

11 मई से झंझारपुर-उधना स्पेशल ट्रेन का संचालन

ट्रेन संख्या 09048 झंझारपुर-उधना विशेष ट्रेन 11 और 18 मई को रात 9 बजे झंझारपुर से चलाई जाएगी।

यह ट्रेन सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर, आगरा, कोटा और वडोदरा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरते हुए तीसरे दिन दोपहर 12:39 बजे सूरत पहुंचेगी।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 09047 उधना-झंझारपुर स्पेशल 10 और 17 मई को सुबह 5 बजे उधना से चलेगी। यह ट्रेन लखनऊ और मानक नगर होते हुए अगले दिन शाम 7 बजे झंझारपुर पहुंचेगी।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समर सीजन में यूपी-बिहार से गुजरात जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा।

Related Articles

Back to top button