
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए बिरसा मुंडा बस टर्मिनल (खादगढ़ा बस स्टैंड) परिसर में बने अवैध कब्जों पर बुलडोजर कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध रूप से निर्मित 12 कच्चे मकानों को ध्वस्त कर निगम की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
एमआरएफ केंद्र के निर्माण के लिए खाली कराई गई जमीन
रांची नगर निगम के अनुसार, जिस भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, वहां मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। इस केंद्र के जरिए शहर के ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण किया जाएगा, जिससे ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निगम की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा और जनहित में उनके बेहतर उपयोग के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
व्यापारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा
इधर, झारखंड ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नारायण ओझा और लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के संरक्षक बिंदुल वर्मा ने नगर आयुक्त और उप महापौर नीरज कुमार से मुलाकात कर अपर बाजार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में नगर निगम की कार्रवाई, माल की आवाजाही, व्यापारियों की परेशानियों और परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि किसी भी कार्रवाई के दौरान व्यापारियों, स्थानीय परिवहन संचालकों और आम लोगों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए।
अपर बाजार के कारोबारियों को हाईकोर्ट से राहत
इस बीच अपर बाजार के कारोबारियों को झारखंड हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दुकानों को सील करने के नोटिस के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने रांची नगर निगम को अगले आदेश तक याचिकाकर्ताओं के खिलाफ कोई भी दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने नगर निगम से जवाब तलब किया है। इस प्रकरण की अगली सुनवाई 8 सितंबर को होगी। नगर निगम ने अपर बाजार के छह कारोबारियों के ट्रेड लाइसेंस रद्द कर उन्हें व्यापार बंद करने और दुकानें सील करने का नोटिस जारी किया था, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है।



