मध्य प्रदेश

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज

भोपाल: राजगढ़ जिले में डूब की जमीनों के मुद्दे को लेकर दूरदर्शन के सामने शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व उनके समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शनिवार को श्यामला हिल्स थाना ने कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी तरफ दिग्विजय सिंह के बंगले के सामने खड़े उनके समर्थकों के खिलाफ रास्ता रोकते हुए सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का केस भी दर्ज किया गया है।

श्यामला हिल्स थाना प्रभारी एलडी मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री निवास की तरफ बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें दूरदर्शन के आफिस के पास रोक दिया था। इस पर वह समर्थकों के साथ वहीं धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान तय शारीरिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया गया। इससे कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई थी। इसके अलावा प्रदर्शन की विधिवत अनुमति भी नहीं ली गई थी। इस मामले में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व उनके समर्थकों के खिलाफ धारा-188, 269, 270 के तहत केस दर्ज किया गया है। उधर इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के समर्थक उनके बंगले के सामने जमघट लगाए हुए थे।

इससे आवागमन अवरूद्ध हो गया था। साथ ही सरकारी काम करने में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समर्थक मुजाहिद, ब्रजेश लोधी, गुड्डू चौहान व अन्य के खिलाफ धारा-353, 143 के तहत केस दर्ज कर दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है। अन्य आरोपितों को चिह्नित करने के लिए प्रदर्शन के दौरान की गई वीडियोग्राफी के फुटेज देखे जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button