हरियाणा

तीन राज्यों में BJP की बड़ी जीत का जश्न, हरियाणा के लाडवा में CM सैनी ने कार्यकर्ताओं संग बांटी जलेबियां

लाडवा। तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में हरियाणा के लाडवा कस्बे के अग्रसेन चौक पर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाते हुए जलेबियां बांटीं और खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गोहाना की जलेबी को लेकर चर्चाओं के बीच हल्के-फुल्के कटाक्ष भी किए और माहौल उत्सवपूर्ण रहा।

इस जश्न में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ जलेबी का स्वाद लिया और जीत की खुशी साझा की।

‘मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास लगातार मजबूत’

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति पर लगातार काम हो रहा है। इसी का परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी जनता का विश्वास लगातार जीत रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने न केवल केंद्र में बल्कि हरियाणा में भी तीसरी बार सरकार बनाई है, जो जनता के भरोसे का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की नीति अंत्योदय की रही है, जिसके तहत अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल

जश्न कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया को-ऑर्डिनेटर तुषार सैनी, डॉ. गणेश दत्त, शिव गुप्ता, गोपी चंद गनगौरी, पूनम सैनी, सन्नी कालड़ा और नरेंद्र सिंघल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर चुनावी जीत की खुशी साझा की।

कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम स्थल पर जश्न का माहौल बना रहा।

2029 से पहले ‘सेमीफाइनल’ माने जा रहे थे चुनाव

गौरतलब है कि देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल माना जा रहा था। इन नतीजों ने देश की राजनीतिक दिशा को एक बार फिर नई गति दी है।

चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने तीन राज्यों में स्पष्ट बहुमत हासिल कर अपना राजनीतिक दबदबा मजबूत किया है, जबकि दक्षिण भारत में कांग्रेस ने अपनी स्थिति में सुधार किया है।

इन नतीजों के बाद देश की राजनीति में नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं और सभी दल अब आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।

Related Articles

Back to top button