मानसून सत्र में आज फिर घमासान के आसार, छात्रों पर कार्रवाई से FCRA तक विपक्ष हमलावर; लोकसभा में कई अहम बिल होंगे पेश

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में सोमवार को एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के आसार हैं। छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर विपक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में जवाब की मांग कर रहा है। दूसरी ओर, केंद्र सरकार लोकसभा में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। प्रस्तावित विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है।
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घटना को 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन गृह मंत्री की ओर से इस मुद्दे पर अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर लाठी और पैलेट गन के इस्तेमाल की जवाबदेही तय होनी चाहिए और गृह मंत्री को संसद में इस पर जवाब देना होगा।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों पर माफी मांगने के बजाय सरकार अलग रुख अपना रही है। उन्होंने छात्रों के आंदोलन के समर्थन में कहा कि वह पूरी ताकत के साथ उनके साथ खड़े हैं।
FCRA संशोधन विधेयक के विरोध का ऐलान
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को केरल के अलाप्पुझा में कहा कि अगर केंद्र सरकार विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक संसद में पेश करती है तो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसका पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कानून अल्पसंख्यकों और गैर-सरकारी संगठनों को निशाना बनाने वाला है।
वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष इस विधेयक को पारित नहीं होने देगा। उन्होंने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए सरकार से सवाल किया कि लाठीचार्ज, पैलेट गन और आंसू गैस के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था।
परिसीमन विधेयक को लेकर भी कांग्रेस ने जताई आपत्ति
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इसका उन राज्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के उपायों को सफलतापूर्वक लागू किया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भी सरकार की प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की है।
लोकसभा में कई अहम विधेयक सूचीबद्ध
विपक्ष जहां सरकार से छात्रों के मुद्दे पर जवाब मांग रहा है, वहीं केंद्र सरकार सोमवार को संसद में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। लोकसभा की कार्यसूची में गृह मंत्री अमित शाह से संबंधित केरल नाम परिवर्तन विधेयक और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम संशोधन विधेयक शामिल हैं।
राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी एक विधेयक पेश करेंगी। ऐसे में संसद की दोनों सदनों की कार्यवाही के दौरान राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ विधायी कामकाज पर भी सबकी नजर रहेगी।
सुप्रिया सुले की अगुवाई में प्रधानमंत्री से मिलेंगे एनसीपी (एसपी) सांसद
एनसीपी (एसपी) के सांसद सोमवार को पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। सुप्रिया सुले के मुताबिक, बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। हालांकि, पार्टी ने एफसीआरए संशोधन विधेयक को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और कहा है कि विधेयक का मौजूदा स्वरूप उसके विचारों के अनुरूप नहीं है।
राहुल गांधी ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन दोहराया है। प्रयागराज में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में एक छात्र से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल उस छात्र की नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की हार है।



