
नई दिल्ली: सीने में दर्द होते ही अधिकांश लोग घबरा जाते हैं और इसे हार्ट अटैक का संकेत मान लेते हैं। हालांकि हर बार छाती में होने वाला दर्द दिल से जुड़ी समस्या नहीं होता। कई मामलों में गैस, अपच या एसिडिटी की वजह से भी सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हो सकती है। ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि गैस के कारण होने वाले दर्द और हार्ट अटैक के लक्षणों में क्या अंतर होता है, ताकि समय रहते सही स्थिति की पहचान की जा सके।
हार्ट अटैक के दौरान आमतौर पर छाती में तेज दर्द या दबाव महसूस होता है। कई लोगों को ऐसा लगता है जैसे सीने पर कोई भारी चीज रख दी गई हो। इसके साथ घबराहट, पसीना आना, सांस लेने में परेशानी, चक्कर जैसा महसूस होना या मतली की शिकायत भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी माना जाता है।
हार्ट अटैक में दिख सकते हैं ये संकेत
हार्ट अटैक की स्थिति में छाती में लगातार दर्द या दबाव बना रह सकता है। इसके अलावा सांस फूलना, बेचैनी बढ़ना, हल्का महसूस होना, उबकाई आना और अचानक घबराहट होना भी प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं। कई बार दर्द कंधे, गर्दन, पीठ या हाथों तक भी फैल सकता है।
गैस का दर्द कैसा महसूस होता है?
गैस या एसिडिटी की वजह से होने वाला दर्द अक्सर सीने और पेट दोनों हिस्सों में महसूस होता है। लोग इसे जकड़न, जलन या बेचैनी के रूप में बताते हैं। इसके साथ पेट फूलना, खट्टी डकारें आना, भूख कम लगना, पेट में भारीपन और मन मिचलाने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। कई बार गैस निकलने या डकार आने के बाद राहत महसूस होती है।
गैस बनने की वजह से क्यों होता है सीने में दर्द?
जब पाचन तंत्र में जरूरत से ज्यादा गैस बनती है, तो उसका दबाव पेट और सीने के ऊपरी हिस्से तक महसूस हो सकता है। यही वजह है कि कई बार गैस का दर्द हार्ट अटैक के दर्द जैसा प्रतीत होता है और लोग भ्रमित हो जाते हैं।
फूड पॉइजनिंग भी बन सकती है कारण
बासी या दूषित भोजन खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है। ऐसी स्थिति में गैस बनने के साथ सीने में दर्द महसूस हो सकता है। इसके अलावा उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतें भी सामने आ सकती हैं।
फूड इंटॉलरेंस बढ़ा सकती है परेशानी
कुछ लोगों को विशेष खाद्य पदार्थ पचाने में दिक्कत होती है। लैक्टोज इंटॉलरेंस या ग्लूटेन इंटॉलरेंस जैसी स्थितियों में पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है, जिससे अधिक गैस बनने लगती है। इसके कारण पेट में दर्द, सूजन, गैस और कभी-कभी सीने में दर्द भी महसूस हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार यदि सीने में दर्द बार-बार हो रहा हो, दर्द के साथ सांस लेने में तकलीफ, अत्यधिक पसीना, चक्कर या घबराहट महसूस हो रही हो, तो इसे सामान्य गैस समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।



