उत्तराखंडटॉप न्यूज़राज्य

मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने शारदीय नवरात्रि की दी शुभकामनाएं

देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शारदीय नवरात्र की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की है। राज्यपाल ने जारी अपने संदेश में कहा है कि नवरात्रि व्रत पूजन, मातृ शक्ति की आराधना के साथ ही अंतःकरण की शुद्धि, आत्मानुशासन, आत्म संयम और मन की एकाग्रता बढ़ाने का अवसर भी होता है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का यह पर्व हमें मातृशक्ति की उपासना तथा सम्मान की प्रेरणा देता है। समाज में नारी के महत्व को प्रदर्शित करने वाला यह पर्व भारतीय संस्कृति की महान परम्परा का भी प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने सभी से कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखकर त्योहार मनाने की अपील भी की है।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना एवं शक्ति की उपासना का यह पर्व प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए। नवरात्रि मातृशक्ति की उपासना का पर्व है। इस पर्व में सभी लोग नौ दिन तक नारी शक्ति की स्वरूप देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा करते और व्रत रखते हैं। जहां नारियों का सम्मान होता है वहां देवताओं का वास होता है।

Related Articles

Back to top button