उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराज्यलखनऊ

मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम के कार्यों को सराहा

कहा, यूपी की बसों ने देश में सबसे ज्यादा कामगारों और श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को टीम- 11 की बैठक में अनलॉक-1 की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि 8 जून से धार्मिक स्थल, रेस्टोरेंट होटल और मॉल्स खोले जाने है, इसको लेकर भारत सरकार की तरफ जो भी गाइड लाइन आए उसका ठीक से अध्ययन करें। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम के कार्यों की भी समीक्षा की और संतोष व्यक्त करते हुए निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। पूरे देश में सबसे ज्यादा कामगारों एवं श्रमिकों को उप्र. परिवहन निगम लेकर आया है। उप्र. परिवहन निगम ने विभिन्न राज्यों से बस, ट्रेन द्वारा एवं बार्डर क्षेत्र से आए हुए 31 लाख से अधिक लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

उपरोक्त बातें गुरुवार को अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बतायीं। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम के कार्यों को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है इस विषय में भी मुख्यमंत्री ने जानकारी ली।

पिछले तीन दिनों यानी 1 जून को 2200 बसें चलाकर 52000, दूसरे दिन 3100 बसें चलाकर 68000 और तीसरे दिन 3700 बसें चलाकर 1 लाख 10 हजार यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान लाया और ले जाया गया है। दूसरे राज्यों के बहुत सारे छात्र नवोदय विद्यालय के अपने प्रदेश में थे, जिन्हें उनके प्रदेश पहुंचाने का कार्य परिवहन निगम की बसों ने किया है। जम्मू से साइकिल से लखनऊ आए 22 प्रवासियों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों के माध्यम से उनके प्रदेश बिहार भेजा गया।

नोडल अधिकारियों को अस्पतालों के निरीक्षण के आदेश

अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह कोविड एवं नॉन कोविड अस्पतालों को निरीक्षण करें। इसके अलावा जहां भी संक्रमण की अगर चेन है, वहां पूरी सावधानी बरती जाए और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को ठीक ढंग से किया जाए। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि संक्रमित व्यक्ति का इलाज ठीक ढंग से हो और किसी की भी मृत्यु न हो।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग को मजबूत किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की घटना न घटे। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 1617 ट्रेनें प्रदेश में आ चुकी हैं आज 5 ट्रेनें और प्रदेश में आएंगी। दक्षिण के राज्यों से भी हम अपने कामगारों और श्रमिकों को लाने में सफल रहे हैं।

प्रदेश में कोरोना के कुल 3553 एक्टिव केस: प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य

प्रेसवार्ता में प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश के 75 जनपदों में कोरोना के 3553 एक्टिव मामले हैं। अब तक 5439 मरीज ठीक हो चुके हैं, तथा 245 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल संक्रमित लोगों में 60 वर्ष से ज्यादा की उम्र वाले 6 प्रतिशत लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि प्रदेश में हुई कुल मृत्यु में इस उम्र के 32.5 प्रतिशत लोग हैं। उन्होंने बताया कि 51 से 60 वर्ष की उम्र के लोगों को भी सावधान रहने की आवश्यकता है। प्रदेश में कुल संक्रमित हुए लोगों में इस उम्र के 8.8 प्रतिशत लोग शामिल हैं, जबकि संक्रमण से इस उम्र के 31.5 प्रतिशत लोगों की मृत्यु हुई है।

प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि आशा वर्कर्स द्वारा अब तक 12,39,380 कामगारों एवं श्रमिकों से किया गया, इनमें से 80960 लोगों का सैम्पल लेकर जांच की जिसमें 2583 लोग पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश के कुल संक्रमण के प्रतिशत में 28 प्रतिशत हिस्सेदारी कामगारों एवं श्रमिकों की है। सर्विलांस टीम द्वारा अब तक 14530 एरिया का सर्विलांस किया जा चुका है। 1,04,613 सर्विलांस टीम द्वारा 80,98,156 घरों के 4,11,54,760 लोगों का सर्वेक्षण किया गया है।

Related Articles

Back to top button