उत्तराखंड

होटल अग्निकांड मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे शेफ केशव नेगी से मिले CM धामी, बोले- सरकार मजबूती से साथ खड़ी है

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी ने मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए अग्निकांड प्रकरण में कानूनी प्रक्रियाओं का सामना कर रहे केशव नेगी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सहयोग और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका कुशलक्षेम जाना और प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

सीएम धामी ने कहा- सरकार पूरी मजबूती से साथ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केशव नेगी को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यकता पड़ने पर सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों को समन्वय बनाकर सहयोग के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की स्थिति में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने नागरिकों का मनोबल बढ़ाए और उन्हें न्यायोचित सहायता उपलब्ध कराए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए यथासंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पहले फोन पर भी जाना था हालचाल

मुख्यमंत्री धामी इससे पहले भी केशव नेगी से दूरभाष पर बातचीत कर उनका हालचाल जान चुके हैं। उस दौरान भी उन्होंने भरोसा दिलाया था कि प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इस मामले को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री से भी बातचीत की थी। मुख्यमंत्री के सहयोग और संवेदनशील पहल के प्रति आभार जताने के लिए केशव नेगी ने बुधवार को परिवार सहित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की।

Related Articles

Back to top button