उत्तराखंड

लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर सीएम धामी ने किया नमन, बोले- सादगी और राष्ट्रसेवा की मिसाल है उनका जीवन

उत्तराखंड डेस्क: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्मरण किया। जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का पूरा जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, नैतिकता और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने आचरण और कार्यशैली से यह साबित किया कि सादगी और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ भी राष्ट्र के बड़े दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया जा सकता है।

कठिन दौर में मजबूत किया देश का आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने देश के कठिन दौर में नेतृत्व प्रदान करते हुए राष्ट्र के आत्मविश्वास को मजबूत किया। उनके नेतृत्व और विचारों ने देशवासियों में एकजुटता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना को मजबूती दी।

‘जय जवान, जय किसान’ ने बताया सैनिकों और किसानों का महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता में सैनिकों तथा किसानों के योगदान के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का यह संदेश आज भी देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकजुटता और कर्तव्यबोध की भावना का संचार करता है।

Related Articles

Back to top button