मध्य प्रदेशराज्य

इंदौर में तीसरे दिन भी डटे रहे CM मोहन यादव, 2935 करोड़ के ग्रीन फील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन… कांग्रेस पर भी साधा निशाना

इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार तीसरे दिन इंदौर प्रवास पर रहे। उन्होंने केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन किया। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 2935 करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह करीब 48 किलोमीटर लंबा फोरलेन कॉरिडोर होगा।

चंद्रावतीगंज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट भी मौजूद रहे। सरकार का दावा है कि यह कॉरिडोर इंदौर और उज्जैन के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ सिंहस्थ के दौरान यातायात व्यवस्था को भी मजबूत करेगा।

राष्ट्रपति के दौरे के बाद भी इंदौर में सक्रिय रहे मुख्यमंत्री

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे के दौरान मुख्यमंत्री गुरुवार को इंदौर पहुंचे थे। राष्ट्रपति की अगवानी और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उन्होंने शुक्रवार को भी इंदौर में कई विकास कार्यों की शुरुआत की।

इस दौरान तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक बनने वाली 13.26 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना और 2.64 करोड़ रुपये की लागत वाली आंतरिक सीवर लाइन का भूमिपूजन भी किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री खट्टर को महाकाल लोक और सिंहस्थ की तैयारियों की जानकारी दी।

पितृ पर्वत पर करेंगे पौधारोपण और सामूहिक भोजन

ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री पितृ पर्वत पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ माता-पिता की स्मृति में त्रिवेणी पौधारोपण किया। कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय सहित कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

पितृ पर्वत को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कैलाश विजयवर्गीय के प्रयासों से यहां हजारों पौधे लगाए गए हैं। साथ ही विशाल बजरंगबली प्रतिमा भी स्थापित की गई है। पौधारोपण के बाद अतिथियों ने सामूहिक भोजन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

मंच से महेंद्र हार्डिया की तारीफ, कांग्रेस पर तंज

तुलसी नगर-निपानिया सड़क परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या जरूरत के समय हार्डिया फायर ब्रिगेड से पहले मौके पर पहुंच जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राऊ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा और विपक्ष अब भी उससे उबर नहीं पाया है। उनके इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए।

स्वच्छता मॉडल के रूप में इंदौर का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में इंदौर की स्वच्छता उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, विकास और नागरिक भागीदारी के क्षेत्र में इंदौर ने पूरे देश में अलग पहचान बनाई है और यह शहर लगातार नए मानक स्थापित कर रहा है।

Related Articles

Back to top button