मध्य प्रदेश

CM मोहन यादव अब इलेक्ट्रिक कार से करेंगे सफर, ‘विकसित भारत 2047’ नंबर प्लेट वाली गाड़ी काफिले में शामिल

भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब अपने आधिकारिक सफर के लिए इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल करेंगे। मुख्यमंत्री के काफिले में पहली बार एक इलेक्ट्रिक कार शामिल की जा रही है, जिसे आज से उपयोग में लाया जाएगा। इस कदम को हरित परिवहन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के लिए महिंद्रा XEV 9e मॉडल की इलेक्ट्रिक कार खरीदी गई है। मुख्यमंत्री आज शाम दिल्ली रवाना होने के दौरान मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक इसी वाहन से यात्रा करेंगे।

काफिले में शामिल हुई ‘विकसित भारत 2047’ नंबर प्लेट वाली कार

इस इलेक्ट्रिक वाहन को विशेष पंजीयन क्रमांक ‘MP 02 VB 2047’ दिया गया है। यहां ‘VB’ का अर्थ ‘विकसित भारत’ और ‘2047’ उस लक्ष्य का प्रतीक है, जिसके तहत वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है।

यह वाहन अब मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफिले का हिस्सा होगा और सरकारी यात्राओं में इसका उपयोग किया जाएगा।

पहले भी कम किए जा चुके हैं काफिले के वाहन

मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले भी ईंधन की बचत और प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। पहले जहां काफिले में 13 वाहन शामिल रहते थे, अब इसे घटाकर 7 कर दिया गया है।

सुरक्षा परीक्षण के बाद शामिल हुआ वाहन

सुरक्षा एजेंसियों द्वारा इस इलेक्ट्रिक वाहन का पूरा परीक्षण किया जा चुका है और चालकों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है। इसके बाद ही इसे काफिले में शामिल करने की मंजूरी दी गई है।

500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज, एडवांस फीचर्स से लैस

यह इलेक्ट्रिक कार एक बार फुल चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने में सक्षम बताई जा रही है। इसमें 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक ग्लास रूफ, फास्ट चार्जिंग सपोर्ट और एडवांस ड्राइवर असिस्ट सिस्टम जैसे आधुनिक सुरक्षा और तकनीकी फीचर्स शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button