उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने विधानभवन में फहराया तिरंगा, बोले- देश को बांटने वाली ताकतों से रहें सतर्क

लखनऊ: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित विधान भवन में तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि आजादी का अर्थ केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं है, बल्कि अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा और असमानता से मुक्ति भी है। उन्होंने देश को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील की।

आजादी बलिदान और त्याग का परिणाम

सीएम योगी ने कहा कि 1947 में लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद देश को स्वतंत्रता मिली थी। आज प्रत्येक भारतीय जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहा है, वह स्वतंत्रता सेनानियों की तपस्या और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में गुलामी के खिलाफ अलग-अलग समय पर आंदोलन और संघर्ष हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का मतलब केवल सत्ता और शासन से जुड़ी राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं है। इसका व्यापक अर्थ उन परिस्थितियों से मुक्ति भी है, जिनकी वजह से देश लंबे समय तक कमजोर रहा। अराजकता, पिछड़ापन, गरीबी, अशिक्षा और असमानता से मुक्ति भी स्वतंत्रता के लक्ष्यों का हिस्सा है।

यूपी के बिना अधूरी थी आजादी की लड़ाई

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती से स्वतंत्रता आंदोलन का बिगुल बजा था और यूपी के योगदान के बिना आजादी की लड़ाई की कहानी अधूरी है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े वीरों और सेनानियों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की चौरी-चौरा घटना और लखनऊ के काकोरी ट्रेन एक्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए संघर्ष लगातार आगे बढ़ता रहा और असंख्य लोगों ने अपना जीवन इसके लिए समर्पित किया।

देश को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की अपील

सीएम योगी ने कहा कि देश को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकाला गया है। शिक्षा का दायरा बढ़ा है और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचना शुरू हुआ है।

उन्होंने कहा कि देश की चार प्रमुख जातियों में गरीब, युवा, महिला और अन्नदाता किसान शामिल हैं और इन्हें केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं।

शहीद जवानों को भी दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता आंदोलन के सभी सेनानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस नागरिकों को देश के लक्ष्यों की दिशा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

Related Articles

Back to top button