
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ लोकआस्था के महापर्व छठ का समापन
लखनऊ : घर-परिवार में सुख-शांति, संतान की लम्बी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना से सोमवार को सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया। इसके बाद पिछले 36 से 40 घंटों तक निर्जला उपवास रखने वाले व्रतियों ने भगवान भाष्कर को अर्पित किए गए फलों-पकवानों आदि को प्रसाद स्वरूप ग्रहण कर पारण किया। इसके बाद प्रेमपूर्वक प्रसाद का वितरण घर-परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, पड़ोसियों आदि के बीच किया गया । इस पर्व की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें व्रत रखने वालों के साथ पड़ोसी और मित्र भी पूर्ण सहयोग की भावना से उपस्थित रहते हैं।
पिछले कई वर्षों से अटूट श्रद्धा और विश्वास के साथ धूमधाम से छठ महापर्व को मनाने वाली विभा शर्मा बताती हैं कि इस महापर्व के चौथे दिन यानि कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने का विधान है। घर-परिवार के सभी लोग स्नान-ध्यान कर ख़ुशी-ख़ुशी नदी तटों, जलाशयों या अन्य बनाये गए विशेष पूजा स्थलों पर पहुँचते हैं। व्रती जल के मध्य पूर्व दिशा में मुख कर खड़े होकर सूर्य देव के उदय होने का इन्तजार करते हैं और सूर्य दर्शन के बाद उन्हें हर मनोकामना पूर्ण करने की प्रार्थना के साथ अर्घ्य दिया जाता है। इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं के चेहरे पर ख़ुशी की अद्भुत छटा देखी जा सकती है। महापर्व के इन चार दिनों के दौरान व्रत-पूजन करने वालों के साथ ही पड़ोसियों और मित्रों में भी एक गजब की ख़ुशी और उत्साह देखने को मिलता है, खुशहाली के इन्हीं पलों को समेटकर फिर अगले साल के छठ महापर्व का इन्तजार शुरू हो जाता है। इस महापर्व पर पूजा-अर्चना में पवित्रता को खास महत्व दिया जाता है।

इस दौरान लहसुन, प्याज आदि वर्जित होता है। इस महापर्व पर पारम्परिक लोकगीतों और भक्ति गीतों का भी श्रवण किया जाता है। इसके साथ ही इस महापर्व पर विभिन्न नदियों के तटों, घाटों पर सूर्य अर्घ्य व पूजन के लिए उमड़ने वाला जनसैलाब सामूहिक एकता का भी जीता-जागता उदाहरण है। “विभा शर्मा पूजा सम्पन्न होने के बाद भाव विह्वल हो बताती हैं कि कैसे अब बेसब्री से अगले वर्ष की पूजा का इंतज़ार करेंगी। साथ ही उन्होंने दीपा, किरण, शिवानी, सृष्टि, सोनल, भावना, सुनील, शिवम, निमेष, नवीन एवम् अन्य भक्तों का धन्यवाद किया जिन्होंने तन- मन से इस महापर्व में सहयोग देकर इसे सफल बनाने में योगदान दिया।”
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मनाया जाने वाला यह महापर्व आज प्रवासी भारतीयों द्वारा पूरे विश्व में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। छठ महापर्व सूर्यदेव की खास आराधना का पर्व है, जो कि दृढ इच्छाशक्ति, पवित्रता, शुचिता और विश्वास से युक्त होता है। देवी-देवताओं में भगवान भाष्कर ऐसे देवता हैं, जो कि मूर्त रूप में देदीप्यमान हैं, जिन्हें ऊर्जा का स्रोत भी माना जाता है। यह भी माना जाता है कि सूर्य की शक्तियों का मुख्य स्रोत उनकी पत्नी उषा और प्रत्यूषा हैं। इसीलिए छठ में सूर्य देव के साथ ही दोनों शक्तियों की भी संयुक्त आराधना होती है। उगते सूर्य की पहली किरण (उषा) और अस्ताचलगामी सूर्य देव की अंतिम किरण (प्रत्यूषा) को अर्घ्य देकर दोनों को नमन किया जाता है। इसके अलावा प्रकृति की देवी यानि सूर्यदेव की बहन छठी मैया का भी विधि-विधान से पूजन किया जाता है।



