राजनीतिराष्ट्रीय

59 साल बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस की वापसी! विजय कैबिनेट में मिली जगह पर बोले नेता- कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। करीब 59 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार के मंत्रिमंडल में वापसी की है। सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस को शामिल किए जाने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गिरीश चोडनकर ने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की वर्षों पुरानी मेहनत और वफादारी का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पिछले 59 सालों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम कर रहे थे और अब उनकी मेहनत का परिणाम सामने आया है।

तमिलनाडु राजनीति में बड़ा मोड़

गिरीश चोडनकर ने मंत्रियों के शपथ ग्रहण से पहले कहा कि यह तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास का बड़ा मोड़ है। लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस की राज्य कैबिनेट में वापसी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

सरकार में कांग्रेस की ओर से एस राजेश और पी विश्वनाथन को मंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं के शामिल होने के बाद पार्टी संगठन में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है।

‘अब सिर्फ जिताने वाली पार्टी नहीं रहेगी कांग्रेस’

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि देश के कई राज्यों में कांग्रेस गठबंधन सरकारों में सत्ता साझेदारी करती रही है, लेकिन तमिलनाडु ऐसा राज्य था जहां पार्टी सहयोगी दलों को सत्ता तक पहुंचाने में भूमिका निभाती थी, जबकि खुद सरकार से बाहर रहती थी।

उन्होंने कहा कि सरकार में हिस्सेदारी मिलने से कांग्रेस का संगठनात्मक आधार मजबूत होगा। साथ ही आने वाले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की रणनीति को भी मजबूती मिलेगी। टैगोर ने भरोसा जताया कि पार्टी तमिलनाडु और पुडुचेरी की सभी 40 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य हासिल करेगी।

कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह

वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा कि सत्ता में भागीदारी कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान से जुड़ा मुद्दा था। जिला अध्यक्षों और जमीनी स्तर के नेताओं की यह लंबे समय से मांग रही थी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कार्यकर्ताओं में नया जोश और आत्मविश्वास पैदा हुआ है।

चक्रवर्ती ने यह भी कहा कि आने वाले समय में गठबंधन सरकारों का दौर और मजबूत होगा, ऐसे में कांग्रेस की यह वापसी बेहद अहम मानी जा रही है।

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर हुआ शपथ ग्रहण

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागाई ने बताया कि मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के दिन आयोजित किया गया। शपथ लेने से पहले कांग्रेस नेताओं ने श्रीपेरंबदूर पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रोजगार, सड़क और पानी होंगे प्राथमिकता

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विधायक एस राजेश कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आम लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने पर फोकस करेगी।

उन्होंने बताया कि पीने का पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेंगी। इसके अलावा युवाओं की बेरोजगारी दूर करने के लिए स्थानीय स्तर पर टाइडल पार्क और तकनीकी केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े राजेश कुमार ने इस राजनीतिक बदलाव के लिए राहुल गांधी का आभार भी जताया।

Related Articles

Back to top button