
वार्षिक सम्मेलन 2026 में शामिल होने का दिया निमंत्रण, अध्यक्ष ने दिया मार्गदर्शन और प्रोत्साहन
नई दिल्ली। कमोडिटी पार्टिसिपेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CPAI) के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान भारत के पूंजी एवं कमोडिटी बाजारों के विकास, नियामकीय सुधारों और भविष्य की संभावनाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने सेबी अध्यक्ष को CPAI Annual Convention 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भारतीय पूंजी बाजार को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और निवेशक-केंद्रित बनाने में सेबी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
बैठक के दौरान तुहिन कांत पांडे ने प्रतिनिधिमंडल को प्रोत्साहित करते हुए बाजार के सतत विकास और निवेशकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन, सहयोग और सकारात्मक सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया।
सीपीएआई ने विश्वास व्यक्त किया कि सेबी अध्यक्ष की संभावित उपस्थिति CPAI Annual Convention 2026 को नई दिशा प्रदान करेगी तथा पूंजी एवं कमोडिटी बाजार से जुड़े प्रतिभागियों के लिए यह सम्मेलन ज्ञानवर्धक और उपयोगी सिद्ध होगा।



