ऋषिकेश: उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के बीच गुरुवार को ऋषिकेश में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक बढ़ोतरी के चलते ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पहुंचे, जिससे व्यवस्थाओं पर भी दबाव बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, सामान्य दिनों में सुबह 9 बजे तक करीब 3500 यात्री ऑफलाइन पंजीकरण कराते थे, लेकिन गुरुवार को यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 5500 तक पहुंच गया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और परिवहन विभाग को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं।
सोनप्रयाग जाने वाली बसों में भी रही भारी भीड़
चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग के लिए भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। रोडवेज बस स्टैंड पर टिकट और बसों के लिए लंबी लाइनें देखने को मिलीं। बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने सोनप्रयाग रूट पर 15 अतिरिक्त बसें रवाना कीं।
वहीं निजी परिवहन कंपनियों ने भी यात्रियों की सुविधा के लिए 25 से अधिक बसों का संचालन किया। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते ऋषिकेश के प्रमुख यात्रा पंजीकरण केंद्रों और बस अड्डों पर पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।
चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के बाद से लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। मौसम अनुकूल रहने और व्यवस्थाएं बेहतर होने के कारण देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। प्रशासन भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी बनाए हुए है।




