उत्तराखंड

CM धामी ने दिया पारदर्शिता का प्रमाण, विधानसभा भर्ती घोटाले पर भी चाबुक चलाने के लिए किया विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध

पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था देने की कही बात

देहरादून: उत्तराखंड से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी से विधानसभा सचिवालय में की गई नियुक्तियों, जिनकों लेकर उत्पन्न हुए विवाद, की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर सभी अनियमित नियुक्तियों को निरस्त करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा अध्यक्ष से विधानसभा सचिवालय में भविष्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी नियुक्तियों के लिए प्राविधान करने का भी आग्रह किया है। मुख्यमंत्री द्वारा उठाये गए कदम से इस बात की पुष्टि होती है कि वे पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था देने की बात ही नहीं करते उसे धरातल पर उतारते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर सचिवालय में हुई नियुक्तियों पर आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा एक गरिमामय स्वायत्तशासी संवैधानिक संस्था है और इस संस्था की गरिमा को बनाए रखना हम सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

लिखे गए पत्र में मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा अध्यक्ष को दो बिंदुओं पर विचार करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने पहले बिंदु में कहा कि विधान सभा सचिवालय में की गई नियुक्तियों के संबंध में उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। अगर इसमें कोई अनियमितता पायी जाती है तो ऐसी सभी अनियमित नियुक्तियों को निरस्त किया जाए। वहीं, दूसरे बिंदु में उन्होंने कहा कि विधान सभा सचिवालय में भविष्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी नियुक्तियों के लिए प्रावधान किया जाए।

आपको बता दें कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में विधानसभा में हुई नियुक्तियों पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर इन नियुक्तियों की सूची वायरल हो रही है। जिसमें कई नेताओं के रिश्तेदारों और परिजनों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। मामले के तूल पकड़ने पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा में हुई नियुक्तियों के प्रकरण की जांच कराने के संबंध में विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध करने की बात कही थी। साथ ही कहा कि, विधानसभा को इसके लिए सरकार से जिस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, वह उन्हें दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button