गाजियाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत में लाखों वादों का निस्तारण
जनपद न्यायाधीश विनोद सिंह रावत की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित
Ghaziabad News : राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजियाबाद के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय परिसर, गाजियाबाद में जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजियाबाद विनोद सिंह रावत की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें संजयवीर सिंह, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, मृदुल मिश्रा, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, ललिता गुप्ता, एडीजे-01, नीरज गौतम, विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट / प्रभारी अधिकारी नजारत विभाग, जितेन्द्र मिश्रा, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत / विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट एवं नेहा बनौधिया, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारीगणों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
विभिन्न प्रकृति के कुल 551113 वादों का निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकृति के कुल 551113 वादों का निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह योग्य/शमनीय 111822/ वादों का निस्तारण किया गया। इसमें अर्थदण्ड से दण्डनीय मामलों में अंकन 23,54,1425 रूपये अर्थदण्ड आरोपित कर वसूल किया गया।
वैवाहिक एवं भरण पोषण सम्बन्धी 141 मामलों का निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत में वैवाहिक एवं भरण पोषण सम्बन्धी 141 मामलों का निस्तारण परिवार न्यायालय द्वारा सुलह समझौते के आधार पर हुआ। लघु प्रकृति के मामलों में लेबर एक्ट, वाणिज्य अधिनियम, 26 यू०पी०एक्ट, पुलिस अधिनियम, बाट माप अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम, आबकारी अधिनियम, जिला परिषद अधिनियम आदि से सम्बन्धित मामलों का निस्तारण किया गया।
मोटर वाहन दुघटना प्रतिकर के 57 मामलों का निस्तारण
मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर से सम्बन्धित कुल 57 मामलों का निस्तारण करते हुए पक्षकारान को 9125000 रूपये अदा किये जाने के आदेश पारित किये गये।
बीएसएनएल के 3169 मामलों में 34 लाख से अधिक वसूली
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों के लोन रिकवरी/बीएसएनएल से सम्बन्धित कुल 3169 मामलों का निस्तारण किया गया। इसमें 34,26,0826 रूपये की धनराशि वसूली के आदेश पारित किये गये। राजस्व न्यायालयों से प्राप्त सूचना के अनुसार राजस्व सम्बन्धी 346577 मामलों का निस्तारण किया गया। आज आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में अधिवक्ताओं के साथ-साथ मीडियाकर्मियों द्वारा पूर्ण सहयोग किया तथा उक्त लोक अदालत में विभिन्न विधि छात्रों द्वारा प्रतिभाग कर लोक अदालत की कार्यावाही में सहभागिता निभाई गई।



