उत्तर प्रदेशराज्य

LDA की लॉटरी में 808 परिवारों का सपना हुआ साकार! अटल नगर योजना में हजारों आवेदकों के बीच हुआ फ्लैट आवंटन

लखनऊ: राजधानी में अपने घर का सपना देख रहे हजारों लोगों के लिए बुधवार का दिन खुशियां लेकर आया। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अटल नगर आवासीय योजना के 808 फ्लैटों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में 4469 आवेदकों के बीच पारदर्शी तरीके से लकी ड्रा कराया गया, जिसमें 808 परिवारों को अपना आशियाना मिल गया।

लॉटरी में नाम आने के बाद आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने इसे अपने सपनों के घर की दिशा में बड़ा कदम बताया। आवेदकों ने एलडीए की पारदर्शी प्रक्रिया की भी सराहना की।

अटल नगर योजना में 2496 फ्लैट, कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में कुल 2496 फ्लैट विकसित किए गए हैं। योजना में एक बेडरूम और दो बेडरूम वाले फ्लैट शामिल हैं। इनका क्षेत्रफल 30 वर्गमीटर से 54.95 वर्गमीटर तक है और शुरुआती कीमत 9.82 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि यह एक किफायती आवास योजना है, जिसमें लिफ्ट, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र, बच्चों के खेलने के लिए पार्क और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

4469 आवेदकों ने आजमाई थी किस्मत

अपर सचिव के अनुसार योजना में एक बीएचके के 135 और दो बीएचके के 673 फ्लैट शेष थे। इनके लिए 18 अप्रैल से 18 मई तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चलाई गई थी। इस दौरान एक बीएचके फ्लैटों के लिए 1666 और दो बीएचके फ्लैटों के लिए 2803 आवेदन प्राप्त हुए थे।

लॉटरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवेदकों को मंच पर बुलाकर उनके हाथों से ही पर्चियां निकलवाई गईं। इसके बाद सफल आवेदकों की सूची घोषित की गई।

वेलनेस सिटी योजना में किसानों को मिले 125 भूखंड

इसी अवसर पर एलडीए ने वेलनेस सिटी योजना के तहत भूमि देने वाले किसानों को भी भूखंड आवंटित किए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के वीआईपी लाउंज में आयोजित कार्यक्रम में 59 किसानों को कुल 125 भूखंड दिए गए।

यह योजना लैंड पूलिंग मॉडल पर विकसित की जा रही है। किसानों को विभिन्न आकार के भूखंड आवंटित किए गए, जिनमें 288 वर्गमीटर, 200 वर्गमीटर, 162 वर्गमीटर, 128 वर्गमीटर, 72 वर्गमीटर और 35 वर्गमीटर के प्लॉट शामिल हैं।

1200 एकड़ में विकसित होगी वेलनेस सिटी, जमीन की कीमत तय

एलडीए की महत्वाकांक्षी वेलनेस सिटी योजना सुलतानपुर रोड पर करीब 1200 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी। प्राधिकरण ने इस योजना के आवासीय भूखंडों की दर 5100 रुपये प्रति वर्ग फीट तय की है, जो इसे एलडीए की सबसे महंगी आवासीय योजनाओं में शामिल करती है।

इसके अलावा बीकेटी स्थित नैमिष नगर योजना में भूखंडों की दर 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट और आगरा एक्सप्रेस-वे के पास विकसित की जा रही वरुण विहार योजना में 3200 रुपये प्रति वर्ग फीट निर्धारित की गई है।

चंद्रिका अपार्टमेंट में बनेंगे 900 नए फ्लैट

एलडीए ने सीतापुर रोड स्थित शिया पीजी कॉलेज के निकट कब्जा मुक्त कराई गई करीब 16 हजार वर्गमीटर भूमि पर चंद्रिका अपार्टमेंट परियोजना विकसित करने की भी तैयारी शुरू कर दी है। इस परियोजना के तहत करीब 900 फ्लैटों का निर्माण किया जाएगा, जिससे शहर में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा।

Related Articles

Back to top button