फतेहगढ़ साहिब में भीषण गर्मी का कहर, बंद कमरे में बुजुर्ग की संदिग्ध मौत; 4 दिन बाद मिला शव

फतेहगढ़ साहिब: पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच फतेहगढ़ साहिब जिले से बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। जिले के बागड़ियां गांव में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग की बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच में अत्यधिक गर्मी और घुटन को मौत की वजह माना जा रहा है।
मृतक की पहचान अमरीक सिंह के रूप में हुई है, जो घर में अकेले रहते थे। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
चार दिन तक नहीं खुला दरवाजा, फिर हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक अमरीक सिंह अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर सोए हुए थे। लगातार चार दिनों तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों और गांव वालों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग हैरान रह गए। कमरे के भीतर अमरीक सिंह का शव पड़ा हुआ था और उनका शरीर अत्यधिक गर्मी के कारण पसीने से पूरी तरह भीगा हुआ था।
घुटन और गर्मी से मौत की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही थाना मुलेपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू की। सहायक थानेदार जगरूप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन न होने और अत्यधिक गर्मी व घुटन के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार गर्मी ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और लगातार बढ़ते तापमान से बुजुर्गों और अकेले रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है।
भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन अलर्ट
पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से भी लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बंद कमरों में बिना वेंटिलेशन के रहना जानलेवा साबित हो सकता है, खासकर बुजुर्गों के लिए।



