अपराधउत्तर प्रदेशग़ाज़ियाबादराज्य

कार में पोर्टेबल मशीन से भ्रूण लिंग की 20 हजार में जांच और 60 हजार में गर्भपात

आरोपियों तक पहुंची चीन निर्मित मशीन दो से तीन लाख रुपये में उपलब्ध है

Ghaziabad News: जिले में भ्रूण लिंग की जांच का गोरखधंधा कार में पोर्टेबल मशीन के द्वारा 20 हजार में किया जा रहा है। कार में ही 60 हजार रुपये में गर्भपात भी करवाया जाता था। भ्रूण लिंग जांच व गर्भपात कराने वाले गिरोह का स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की टीम ने अस्पताल संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार में पोर्टेबल मशीन से गर्भ में पल रहे भ्रूण लिंग जांच करते थे।
महामाया स्टेडियम के पास से पकड़ा
आरोपियों को देर रात महामाया स्टेडियम के पास से पकड़ा। आरोपी कार में ही भ्रूण जांच के लिए गर्भवती महिला के आने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चीन निर्मित पोर्टेबल मशीन, कार, 20 हजार रुपये नकद और जांच से जुड़े उपकरण बरामद किए हैं।
कोतवाली एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चांदीनगर थाना क्षेत्र बागपत के गढी कलंजरी निवासी संदीप, खानपुर बुलंदशहर निवासी तस्लीम, गढ़मुक्तेश्वर निवासी सलमान और सिहानी गांव गाजियाबाद निवासी साहिद शामिल हैं।
साईं अस्पताल का संचालक
एसीपी के अनुसार, संदीप लोनी के बंथला फ्लाईओवर के पास स्थित साईं अस्पताल का संचालक है। वह पहले भ्रूण जांच के मामलों में पकड़ा जा चुका है। जनवरी 2025 में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दौरान उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बावजूद उसके नेटवर्क से जुड़े रहने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
20 हजार में लिंग जांच और 60 हजार में गर्भपात
पूछताछ में आरोपी तस्लीम ने बताया कि वो भ्रूण की लिंग जांच के लिए 15 से 20 हजार रुपये तक लेता था। जबकि जांच और गर्भपात दोनों का पैकेज 50 से 60 हजार रुपये तक था। आरोपियों के साथी निजी व सरकारी अस्पतालों के बाहर सक्रिय रहते थे और गर्भवतियों व परिजनों से संपर्क करते थे। लिंग जांच के लिए एजेंट को हर मामले में 2500 से तीन हजार रुपये और जांच व गर्भपात दोनों कराने पर 10 हजार रुपये तक कमीशन देते थे। आरोपियों ने बताया कि उनके पास दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश राज्यों से गर्भवती महिलाएं भ्रूण जांच के लिए आती थीं।
गर्भपात कराने वाली महिलाओं की तलाश
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि कुछ मामलों में आरोपियों ने गर्भ में बेटी होने की जानकारी देने के बाद गर्भपात की व्यवस्था की गई थी। कुछ महिलाओं का गर्भपात बंथला स्थित साईं अस्पताल में कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इन महिलाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से देश के अन्य राज्यों के लोग जुड़े हैं या नहीं।
चीन निर्मित मशीन नेपाल के रास्ते भारत पहुंची
पीसीपीएनडीटी (प्री-कन्सेप्शन एंड प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक्स) के नोडल अधिकारी व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद पोर्टेबल मशीन नेपाल के रास्ते मंगाई थी। इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी गई है। जानकारी के अनुसार अस्पतालों में उपयोग होने वाली पोर्टेबल मशीन की कीमत सामान्य तौर पर पांच लाख से 25 लाख रुपये तक है। जबकि आरोपियों तक पहुंची चीन निर्मित मशीन दो से तीन लाख रुपये में उपलब्ध है। पुलिस मशीन सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button