राष्ट्रीय

तमिलनाडु में विजय सरकार का गठन, शपथ लेते ही 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिला सुरक्षा फोर्स बनाने का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद टीवीके ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। पार्टी ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटों पर जीत दर्ज की और कांग्रेस, वामदलों समेत सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार गठन का रास्ता साफ किया। इसी क्रम में पार्टी प्रमुख विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के तुरंत बाद विजय ने राज्य की जनता के लिए कई बड़े ऐलान किए, जिनमें 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष फोर्स के गठन की घोषणा प्रमुख रही।

पहले फैसले में जनता को राहत देने का संदेश

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने अपने पहले आदेश में प्रदेशवासियों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राज्य में स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स गठित करने का भी ऐलान किया गया। माना जा रहा है कि सरकार का यह कदम महिला सुरक्षा और आम लोगों को राहत देने की दिशा में बड़ा संदेश है।

इन नेताओं ने भी ली मंत्री पद की शपथ

विजय के साथ लावा एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेनगोट्टयां, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी.के. प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में जुटा बड़ा जनसमूह

नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में भारी संख्या में समर्थक और आम लोग मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता भी समारोह में शामिल हुए। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

गठबंधन के समर्थन से बनी सरकार

टीवीके ने कांग्रेस, वामदलों और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही राज्य में नई सरकार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज थी। अब विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही नई सरकार ने औपचारिक रूप से कामकाज संभाल लिया है।

Related Articles

Back to top button