जीवनशैलीस्वास्थ्य

बार-बार प्यास, थकान और घाव देर से भरना? शरीर के ये संकेत हो सकते हैं डायबिटीज का खतरा

मुंबई: डायबिटीज एक गंभीर चयापचय संबंधी बीमारी है, जिसमें शरीर का ब्लड शुगर स्तर असामान्य रूप से बढ़ जाता है। यह समस्या तब होती है, जब अग्न्याशय पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता या फिर शरीर इंसुलिन का सही तरीके से उपयोग नहीं कर पाता। समय रहते इसके शुरुआती संकेतों को पहचानना बेहद जरूरी है, क्योंकि लापरवाही आगे चलकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।

ये लक्षण दे सकते हैं डायबिटीज का संकेत

डायबिटीज होने पर शरीर कई तरह के संकेत देता है। लगातार थकान महसूस होना, कमजोरी, बार-बार प्यास लगना, अधिक पेशाब आना, गला और त्वचा का सूखना, छोटी चोट या घाव का देर से भरना और ब्लड शुगर का लगातार बढ़ा रहना इसके प्रमुख लक्षण माने जाते हैं। ऐसे संकेत दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।

इंसुलिन और ग्लूकोज की भूमिका समझना जरूरी

डायबिटीज की चर्चा में सबसे ज्यादा दो शब्द सुनने को मिलते हैं—इंसुलिन और ग्लूकोज। इसके अलावा फास्टिंग शुगर, आफ्टर मील शुगर, इंसुलिन रेजिस्टेंस और अग्न्याशय जैसे शब्द भी अक्सर सामने आते हैं। इन सभी का संबंध शरीर में शुगर के संतुलन से होता है और इन्हें समझना बीमारी की प्रकृति जानने के लिए महत्वपूर्ण है।

क्या होता है इंसुलिन?

इंसुलिन अग्न्याशय द्वारा बनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण हार्मोन है, जो शरीर में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने का काम करता है। यदि किसी कारणवश अग्न्याशय पर्याप्त इंसुलिन नहीं बनाता या इसका उत्पादन बंद हो जाता है, तो रक्त में ग्लूकोज का स्तर बढ़ने लगता है। यही स्थिति आगे चलकर डायबिटीज का रूप ले लेती है।

समय पर पहचान है सबसे बड़ा बचाव

विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जांच और उचित इलाज शुरू करने से डायबिटीज को नियंत्रित रखा जा सकता है। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच इस बीमारी के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Related Articles

Back to top button