राष्ट्रीय

हरभजन सिंह ने बताई AAP छोड़ने की वजह, ड्रग्स को लेकर भगवंत मान से पूछे सवाल

चंडीगढ़: पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के फैसले की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जा रही थी और जिस उद्देश्य से उन्होंने आप की सदस्यता ली थी, वह पूरा नहीं हो रहा था। हरभजन सिंह ने पंजाब में ड्रग्स की गंभीर समस्या को लेकर भगवंत मान सरकार से भी सवाल किए।

सात अन्य सांसदों के साथ छोड़ी थी आप

हरभजन सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी छोड़ने का फैसला उन्होंने इसलिए लिया, क्योंकि पार्टी में उनके सुझावों और बातों को महत्व नहीं दिया जा रहा था। उन्होंने पंजाब में बढ़ती ड्रग्स की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर पुरानी पार्टी को जवाब देना होगा। उन्होंने भगवंत मान सरकार से ड्रग्स की समस्या को लेकर सवाल भी किए।

खेलों के मुद्दे उठाने के लिए आप में हुए थे शामिल

एक साक्षात्कार में हरभजन सिंह ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जब उन्हें आम आदमी पार्टी में शामिल होने के लिए कहा था, तब इसका उद्देश्य राज्यसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व करना और खेलों से जुड़े मुद्दों को उठाना था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह खेलों से जुड़े विषयों पर ही बात करेंगे और राजनीति में चर्चा नहीं करेंगे।

हरभजन सिंह के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के साथ रहते हुए उन्हें पंजाब के साथ-साथ पूरे देश में खेलों को बढ़ावा देने का अवसर मिल रहा था। लेकिन जब उन्होंने पार्टी के भीतर अपने सुझाव रखने और भविष्य को लेकर अपनी सोच साझा करने की कोशिश की, तो उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने कहा कि पार्टी में आगे की सोच रखने की कोशिश के बावजूद उन्हें किनारे किया जा रहा था, जिससे वह परेशान थे। जिस उद्देश्य के लिए वह पार्टी में आए थे, उसके पूरा नहीं होने पर उन्होंने आप छोड़ने का फैसला किया।

ड्रग्स की समस्या पर भगवंत मान सरकार से सवाल

पंजाब में ड्रग्स की समस्या को लेकर हरभजन सिंह ने कहा कि इसके दुष्परिणाम बेहद गंभीर हैं। उन्होंने इसे सभी के लिए चिंता का विषय बताया और कहा कि ड्रग्स जहां भी पहुंचती है, वहां युवाओं को बर्बाद कर रही है। पंजाब के मामले को उन्होंने इसलिए भी संवेदनशील बताया क्योंकि यह सीमावर्ती राज्य है।

उन्होंने कहा कि यह पता लगाने की जरूरत है कि ड्रग्स पंजाब में किस तरह पहुंच रही है। इस समस्या से निपटने के लिए कड़े कानून बनाए जाने की जरूरत है।

विरोध और पुतला जलाने पर बोले हरभजन

आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद उनके घर के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन और पुतला जलाए जाने को लेकर हरभजन सिंह ने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले लोग कौन थे, यह सभी जानते हैं और इस पर कुछ कहने की जरूरत नहीं है हरभजन सिंह ने कहा कि देश का आम आदमी उन्हें क्रिकेट के लिए जानता है और लोगों ने उन्हें बहुत प्यार दिया है।

Related Articles

Back to top button