हरियाणा

आयुष्मान कार्ड से इलाज में आ रही दिक्कतों पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का बड़ा ऐलान, बोलीं- 3 महीने में अस्पतालों का बकाया भुगतान होगा

फरीदाबाद: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव मंगलवार को फरीदाबाद पहुंचीं, जहां सेक्टर-2 स्थित दीपक यादव के निवास पर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान फरीदाबाद की मेयर परवीन बत्रा जोशी, बल्लभगढ़ विधायक के भाई और बीजेपी नेता टेपरचंद, बल्लभगढ़ जिला अध्यक्ष सोनपाल चौकर समेत शहर के कई उद्यमी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वागत कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आने वाले दिनों में स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किए जाएंगे, जिसका लाभ प्रदेश के सभी वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास है।

आयुष्मान कार्ड से इलाज बंद होने के सवाल पर दिया जवाब

अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के जरिए इलाज को लेकर आ रही परेशानियों और कुछ अस्पतालों द्वारा इलाज बंद किए जाने के सवाल पर आरती राव ने सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के बकाया भुगतान को लेकर सरकार की ओर से काम किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि अगले 3 महीने के भीतर सभी अस्पतालों की बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बकाया भुगतान होने के बाद आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज को लेकर अस्पतालों में इस तरह की परेशानी भविष्य में नहीं आएगी।

बिना रुकावट जरूरतमंदों को इलाज देने पर जोर

आरती राव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Related Articles

Back to top button