देहरादून: उत्तराखंड में गर्मी अब विकराल रूप लेने लगी है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक सूरज के तीखे तेवर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। सोमवार को प्रदेश में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। हरिद्वार और रुड़की में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि राजधानी देहरादून में पारा 38.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
अगले 4 से 5 दिन और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है, जबकि पर्वतीय इलाकों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
पहाड़ों में भी महसूस होने लगी तपिश
अब तक राहत देने वाले पहाड़ी इलाके भी गर्मी की चपेट में आने लगे हैं। टिहरी, मुक्तेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे ठंडे क्षेत्रों में भी तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। सोमवार को टिहरी में 28 डिग्री, मुक्तेश्वर में 27.6 डिग्री और पिथौरागढ़ में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मसूरी में सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा तापमान
पर्यटन नगरी मसूरी में भी गर्म हवाओं और चटक धूप का असर साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को यहां तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बढ़ती गर्मी के चलते घूमने पहुंचे पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हरिद्वार में लू से बिगड़े हालात
हरिद्वार में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। दिन के समय सड़कों पर आवाजाही बेहद कम दिखाई दी। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले करीब दस दिन पहले भी शहर में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचा था।
प्रदेशभर में हाई अलर्ट जारी
भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए अस्पतालों में सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सुबह 10 बजे के बाद से शाम 4 बजे तक कई इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिला।
देहरादून में दिन-रात के तापमान का अंतर घटा
राजधानी देहरादून में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर भी कम होता जा रहा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। वहीं मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री, नई टिहरी में 15 डिग्री और पंतनगर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कहां कितना रहा तापमान
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रुड़की में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देहरादून में 38.9 डिग्री, पंतनगर और खटीमा में 38.5-38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं पहाड़ी इलाकों में पिथौरागढ़ में 31 डिग्री, मसूरी में 29.5 डिग्री, टिहरी में 28 डिग्री और मुक्तेश्वर में 27.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।




