किसानों की पैदल यात्रा से पहले हरियाणा में हाई अलर्ट, खनोरी-दातासिंहवाला बॉर्डर सील… 5 लेयर बैरिकेडिंग, रूट डायवर्ट

नरवाना: किसानों के दिल्ली कूच की आहट के बीच जींद में हरियाणा पुलिस अलर्ट मोड पर है। खनोरी-दातासिंहवाला बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। रास्ते पर पांच लेयर की बैरिकेडिंग के साथ पत्थर और कंटेनर लगाए गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। इसी बीच आज किसान बचाओ पैदल यात्रा भी शुरू होने वाली है।
सुबह 11 बजे से जुटेंगे किसान
खनोरी-दातासिंहवाला बॉर्डर से किसान बचाओ पदयात्रा की शुरुआत होगी। किसानों का सुबह 11 बजे से जुटना शुरू होने की संभावना है। यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और वाहनों के लिए रूट भी डायवर्ट किया गया है।
दोपहर 12:30 बजे अरदास के बाद सभा का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे 51 पदयात्रियों का जत्था दिल्ली के जंतर-मंतर के लिए पैदल रवाना होगा। पदयात्री शुभकरण सिंह के शहीदी स्थल की मिट्टी लेकर दिल्ली जाएंगे।
228 किलोमीटर की होगी पदयात्रा
किसान बचाओ पदयात्रा की दूरी करीब 228 किलोमीटर होगी। यात्रा का पहला पड़ाव बेलरखा गांव में रहेगा, जहां पदयात्री रात में विश्राम करेंगे।
किसानों की इस प्रस्तावित पदयात्रा और दिल्ली कूच की संभावना को देखते हुए जींद पुलिस ने खनोरी-दातासिंहवाला बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। बॉर्डर को पांच लेयर की बैरिकेडिंग, पत्थरों और कंटेनरों से बंद किया गया है।



